झट्टीपुर निवासी बकरी पालक जोगेंद्र की हत्या किसी ने रंजिशन नहीं बल्कि उसी की पत्नी ने अपने प्रेम संबंधों को परवान चढ़ाने के लिए की थी। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के बाद ही मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी कुंती व उसके प्रेमी रणधीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पत्नी ने अपने पति के पैर जकड़ लिए थे और उसके प्रेमी ने रस्सी के साथ गला घोंट दिया। पुलिस ने दोनों से एक रस्सी व पशुबाड़े की चाबी बरामद कर ली है। पुलिस दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी।
डीएसपी गोरखपाल राणा ने पत्रकार वार्ता में मामले का पटाक्षेप करते हुए बताया कि जोगेंद्र की पत्नी कुंती व गांव बिहौली निवासी राज मिस्त्री रणधीर के बीच कई सालों से अवैध संबंध थे। दोनों के रिश्ते का पति जोगेंद्र ने विरोध किया था। कुंती ने रविवार रात को रणधीर को अपने घर बुलाया। दोनों बाइक पर पशुबाड़े में सो रहे जोगेंद्र के पास गए थे। दोनों ने पहले तो जोगेंद्र के मुंह पर गमछा व पैरों पर रस्सी बांधी। ताकि वह शोर न मचा सके। उसके बाद पत्नी कुंती ने जोगेंद्र के पैर जकड़े और रणधीर ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। योजना के अनुसार कुंती सुबह जोगेंद्र के पास पशुबाड़े में गई और रो-रोकर ग्रामीणों को एकत्रित कर लिया। आरोप है कि कुंती व रणधीर को मृतक के बेटे ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
बच्चों को भी मारने की थी तैयारी
डीएसपी ने बताया कि बकरी पालक जोगेंद्र की पत्नी कुंती व उसके प्रेमी रणधीर ने पहले बच्चों व पति को मारने का प्लान तैयार किया था, लेकिन पकड़े जाने के डर से दोनों ने पहले सिर्फ पति जोगेंद्र को ही मारा। वे बच्चों को बाद में मारना चाहते थे।
कॉल डिटेल से हुआ खुलासा
थाना समालखा प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि हत्या के बाद मामला संदिग्ध लग रहा था। उनको शुरू से ही हत्या में किसी परिचित पर शक था। चूंकि जोगेंद्र की गांव में किसी से रंजिश नहीं थी। पशुबाड़े में किसी प्रकार की चोरी को भी अंजाम नहीं दिया था। उन्होंने मामले के खुलासे के लिए पत्नी कुंती की कॉल डिटेल खंगाली। कॉल डिटेल के हिसाब से वारदात वाली रात कुंती ने रणधीर से फोन पर कई बार बात की थी। पुलिस पूछताछ में भी कुंती काफी बौखलाई हुई थी। वह बार-बार बयान बदल रही थी। उन्होंने मामले में गहनता से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई।