फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहरी विधायक के पति समेत यार्न डीलर की छह दुकानों के तोड़े शटर

Tue, 10 Jan 2017 12:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत।
विज्ञापन
sutter - फोटो : पानीपत
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

पानीपत। सेवा, सुरक्षा व सहायता का नारा देने वाली पानीपत पुलिस जिले में बढ़ने वाली चोरी की वारदातों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। चोर पुलिस सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दे निकल रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। चोरों के हौसले इसने बुलंद हैं कि रविवार रात शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी के कार्यालय सहित यार्न बाजार की छह दुकानों के शटर तोड़ डाले। चोरी की छह वारदातों में सबसे ज्यादा नुकसान विधायक पति के कार्यालय मेें ही हुआ है। चोर यहां से करीब साढ़े दस हजार की नकदी व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ले गए। शहरी विधायक के पति सहित छह दुकानों के शटर तोड़ने की घटना का पता लगते ही डीएसपी देसराज, थाना शहर प्रभारी सुरेश सैनी, किला चौकी प्रभारी व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकि से मुआयना किया और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।  

केस-1
संतलाल एंड संस
सेठी चौक यार्न मार्केट में शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी का संतलाल एंड संस रेवड़ी यार्न ट्रेडिंग के नाम से कार्यालय है। सुरेंद्र रेवड़ी के पिता इंद्र सिंह रेवड़ी ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे कार्यालय बंद कर घर चले गए थे। रविवार को छुट्टी होने के चलते वे दुकान पर नहीं आए। सोमवार सुबह छह बजे विधायक के निजी सचिव सरबजीत का फोन आया। उसने बताया कि कार्यालय का शटर टूटा हुआ है। वे तुरंत कार्यालय पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर टूटा पड़ा है। चोर कार्यालय से 10,610 रुपये कैश व मंदिर में रखे चांदी के दस सिक्के भी चोरी कर ले गए। कार्यालय के बाहर व अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। चोरों ने दोनों सीसीटीवी की दिशा छत की तरफ कर दी और इनके तार भी काट दिए। चोर कार्यालय में रखी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए।
विज्ञापन


37 साल में पहली वारदात
इंद्र सिंह रेवड़ी ने बताया कि वे इस बाजार में 1979 से बैठे हुए हैं। इन 37 सालों में उनके यहां चोरी की यह पहली वारदात है। चोरों ने शातिराना अंदाज से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पहले सीसीटीवी कैमरे की तारें तोड़ी, उनकी तस्वीरें कैद न हो जाए इसलिए डीवीआर भी साथ ले गए।

केस-2
रेवड़ी ट्रेडिंग कंपनी
यार्न मार्र्केट में ही सुरेंद्र रेवड़ी के चाचा हुडा सेक्टर 12 निवासी मनोहर लाल रेवड़ी की रेवड़ी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दुकान है। मनोहर लाल ने बताया कि उनके पड़ोसी सलूजा ने उन्हें दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी। चोरों ने रात के समय दुकान का शटर तोड़ा और अंदर गल्ले में रखे 50 रुपये चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि वे रात को जाते समय सारा कैश अपने साथ ही ले जाते हैं। इसलिए दुकान से चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा।

केस-3
संगीता ट्रेडिंग कंपनी
जगन्नाथ मंदिर निवासी बालकिशन सलूजा की यार्न मार्केट में संगीता ट्रेडिंग कंपनी से दुकान है। चोरों ने रात के समय शटर उखाड़ा और गल्ले में रखा करीब 400 रुपए ले गए। जब वे दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था।

केस-4
एमएच यार्न
हुडा सेक्टर 11/12 निवासी सुनील डाबर की दुकान का चोरों ने शटर उखाड़ा और अंदर सामान बिखेर दिया। चोरों ने दुकान में रखा लैपटॉप चोरी कर लिया। सुबह दुकान पर पहुंचने पर उन्हें चोरी की वारदात का पता लगा।

केस-5
उत्तम फेब्रिक्स
महाबीर दल रोड निवासी उत्तम चंद आहुजा ने बताया कि यार्न मार्केट में उत्तम फेब्रिक्स नाम से दुकान है। पड़ोसियों ने सुबह दुकान में चोरी होने की सूचना दी। चोरों ने रात के समय शटर तोड़ा। मास्टर चाबी से अलमारी व गल्ला खोला। दुकान में कैश नहीं रखा था, जिससे चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो अलमारी और दराज खुली पड़ी थी।

केस-6
जमनादास एंड संस
तहसील कैंप नेहरू नगर निवासी देसराज ने बताया कि यार्न मार्केट में उनका जमनादास एंड संस के नाम से कार्यालय है। पड़ोसियों ने उन्हें शटर टूटा होने की सूचना दी। जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था। अंदर शीशे के दरवाजे हैं, जो ठीक हैं। उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान का केवल शटर तोड़ा है, अंदर सब सामान है। अगर अंदर आते भी तो दुकान में कैश नहीं था।

शहर में तीन दिन से लगातार हो रही हैं चोरियां
शहर में तीन दिनों से लगातार चोरियां हो रही है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई महज रिपोर्ट लिखने तक ही सीमित होकर रह गई है। चोर पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाते हुए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बढ़ती चोरी की वारदातों से दुकानदारों में रोष बना हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। वहीं बताया जा रहा है कि सिविल अस्पताल के साथ लगते तीसरे मेडिकल स्टोर पर भी सोमवार सुबह चोर आया था। मेडिकल स्टोर संचालक पहले से ही एलिवेटेड हाईवे के नीचे तैनात था। स्टोर संचालक ने चोर को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह बच निकला।

दुकानदारों में खौफ का माहौल
दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने जब शहरी विधायक के पति के कार्यालय तक को नहीं छोड़ा तो आम दुकानदारों की सुरक्षा का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। लगातार होने वाली चोरियों से दुकानदारों को अपने माल की सुरक्षा सताने लगी है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
शहरी विधायक पति सुरेंद्र रेवड़ी के पिता इंद्रसिंह रेवड़ी का कहना है कि सरकार तो बदली है, लेकिन पुलिस के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया है। आपराधिक प्रवृति के लोगों में पानीपत पुलिस का दबदबा नहीं है। यही वजह है कि चोरी की वारदातें दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं।
विज्ञापन


यार्न मार्केट में छह दुकानों के शटर टूटने का पता लगा था। एफएसएल की टीम सहित मौके का निरीक्षण किया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले में फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को रोकने व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए सहित तीन टीमें गठित की हैं।
देसराज, डीएसपी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें