जिले के गांव जौरासी खास में पत्नी के मायके चले जाने से परेशान दोनों पैरों से अशक्त पति ने अपने मकान में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे के रोशनदान से रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों को आरोप है कि लव मैरिज कर लाई पत्नी 50 हजार की लोन राशि और सामान लेकर अपने मायका चल गई थी। अशक्त व्यक्ति अपनी पत्नी को लेने कई बार ससुराल गया, लेकिन वह नहीं आई। समालखा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जौरासी खास निवासी आदेश ने बताया कि उसके भाई अनूप (35) ने 2004 में लुधियाना निवासी आशु के साथ लव मैरिज की थी। उनको तीन लड़की और एक लड़का हुआ। वे गांव में ही अलग मकान में रहने लग गए। आदेश के अनुसार अनूप ने बंधन बैंक से चाय की दुकान शुरू करने के लिए 50 हजार रुपये का लोन लिया था। वह पिछले दिनों चाय की दुकान के लिए जगह देखने के लिए हरिद्वार चला गया। वह से दो-तीन दिन घर में वापस आया। इसी बीच उसकी पत्नी आशु लोन के सारे पैसे और अन्य सामान लेकर अपने मायका लुधियाना चली गई।
उसकी बड़ी लड़की देहरादून में आदेश की बहन के पास रहकर पढ़ाई करती है, जबकि तीन बच्चों को वह अपने साथ लेकर चली गई। अनूप लुधियाना में उससे मिलने गया तो उसने आने से इनकार कर दिया। उसने अपनी एक लड़की को उसके साथ भेज दिया, जबकि दो बच्चों को अपने पास रख लिया। परिजनों का आरोप है कि अनूप के सास-ससुर, साली और उसका साढू़ उसे परेशान करते थे।
इससे वह तनाव में आ गया। परिजनों के अनुसार अनूप कई दिनों से मानसिक रूप से ज्यादा ही परेशान रहने लग गया था। उसने मंगलवार देर रात को कमरे में बने रोशनदान में फंदा डालकर लटक गया। वे जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और उसको फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने अनूप को मृत घोषित कर दिया। समालखा थाना पुलिस ने बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।