हरियाणा के पानीपत के मतलौडा थानाक्षेत्र के डेरों पर तीन महिलाओं के साथ सामूहिक दुराचार और लूटपाट के मामले में पुलिस ने करीब 20 संदिग्धों के स्केच तैयार किए हैं। ये स्केच पुलिस टीमों के पीड़ितों को दिखाए खेतों में चोर गिरोह और लूटपाट वाले गैंग से जुड़े आरोपियों के आधार पर बनाए गए हैं। मछली फार्म पर काम करने वाले महेंद्र पाल ने दो संदिग्धों की पहचान की है, लेकिन उनके स्केच महिलाओं ने नहीं पहचाने। ऐसे में पुलिस का असमंजस बढ़ गया है।
पानीपत के साथ करनाल, सोनीपत, जींद और रोहतक की सीआईए के साथ एसआईटी भी जांच कर रही है। पत्नी खोने से दुखी महेंद्र पाल ने अपनी बेटी को दिल्ली अपनी रिश्तेदार के पास भेज दिया है। वहीं पीड़ित महिलाओं को डेरा मालिक के गांव में स्थित एक मकान में शिफ्ट किया गया है। डेरे के साथ गांव में भी महिला पुलिस तैनात कर दी गई है। इस बीच महिला आयोग की टीम 27 सितंबर को गांव में पहुंचेगी। पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
मछली फार्म के कार्यालय में देखा था, कुछ नहीं मिला तो मारपीट
महेंद्रपाल ने बताया कि बदमाशों ने आते ही उसकी गर्दन पर तलवार रख दी थी। डेरे पर बने मछली पालक के कार्यालय की चाबी मांगी, लेकिन उसके पास चाबी नहीं थी। बदमाशों ने खिड़की से कार्यालय में देखा था। जब वहां कुछ नहीं मिला तो उसके व उसकी बीमार पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके अलावा पानी की टंकी पर बदमाशों ने ट्यूबवेल का तार काटा था।
पुलिस के शक की सुई खेतों में चोरी करने वाले गिरोह पर भी घूम गई है। इस साल पूरे क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने मतलौडा पुलिस को खेतों में चोरी करने वाले गिरोह की कुंडली जुटाने का जिम्मा सौंपा है। दोनों डेरों पर एसटीएफ व सीआईए की टीमों का पहरा है। रोड व डेरे के आसपास से गुजरने वालों से पूछताछ की जा रही है।
खेतों में चोर गिरोह और लूटपाट करने वाले गैंग
पुलिस ने ग्रामीणों व शक के आधार पर हिरासत में लिए लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। उनके मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस के एक जानकार का कहना है कि इस वारदात में खेतों में चोरी करने वाले व लूटपाट करने वाले गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने भी इस तरह का इनपुट मिलने की बात कही है। पुलिस अब सजायाफ्ता, जेल में बंद और जमानत पर छूटे गैंग का पता लगा रही है।
डेरे में रहकर बार-बार जख्म हो रहे थे हरे
दरिंदगी का शिकार हुई तीनों महिलाएं चार दिन से सो नहीं पा रही थीं। वे अब भी सदमे में हैं। डेरे में रहकर बार-बार उनके जख्म हरे हो जा रहे थे। इसलिए पुलिस ने तीनों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया है। वहीं खेतों में धान कटाई का कार्य शुरू कर दिया है।
खाना बनाते हुए पत्नी को याद कर रोने लगा महेंद्रपाल
बदमाशों की मारपीट में महेंद्रपाल की बीमार पत्नी विमला की मौत हो गई थी। वह अब अपने 11 साल के बेटे के साथ डेरे पर रह रहा है। पुलिस बार-बार उससे भी पूछताछ कर रही है। वह अब भी डरा हुआ है। सोमवार दोपहर को बेटे के लिए खाना बनाते हुए वह पत्नी को याद कर रो पड़ा। उसने बताया कि उसने अपनी बेटी को दिल्ली भेज दिया।
स्केच में स्पष्टता नहीं
महिलाओं से पूछताछ कर स्केच तैयार करवाए गए हैं, लेकिन उसमें स्पष्टता नहीं है। महिलाओं को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। पुलिस की टीमें हर पहलू पर बारीकी से काम कर रही हैं। खेतों में चोरी करने वाले गिरोह और लूटपाट करने वाले गैंग के वारदात को अंजाम देने के इनपुट मिले हैं। पुलिस पानीपत समेत आसपास के इस तरह के गिरोह व गैंग का पता लगा रही है। आरोपियों का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये इनाम दिया जाएगा।
- अजीत सिंह शेखावत, एसपी पानीपत।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने घटना पर जताई चिंता
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मतलौडा थाना के अंतर्गत एक गांव के डेरों पर तीन महिलाओं से सामूहिक दुराचार और मारपीट से डरी एक महिला की मौत के मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि वह बुधवार 27 अक्तूबर को शाम चार बजे पानीपत आएंगी। इस दौरान पीड़ित महिलाओं से बातचीत करने के साथ पुलिस अधिकारियों से मामले की पूरी रिपोर्ट ली जाएगी। महिलाओं को न्याय दिलवाया जाएगा और हरसंभव मदद की जाएगी।