मृतक देवेंद्र देशवाल की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा-उत्तर प्रदेश (यूपी) की सीमा पर पानीपत के गांव कुराड़ के किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यूपी के गांव ममोर में घात लगाए बैठे हमलावरों ने किसान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई, जिससे किसान की मौत हो गई। पानीपत के गांव कुराड़ के किसान देवेंद्र देशवाल की सोमवार सुबह छह बजे हत्या कर दी। मामला जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव कुराड़ के देवेंद्र देशवाल (45) सोमवार सुबह यमुना नदी के पार यूपी के गांव ममोर में अपने खेत पर गया था। देवेंद्र देशवाल ने यहां कई वर्षों से जमीन लेकर खेती करता था। वह सोमवार को जैसे ही बाइक पर अपने खेत में पहुंचा तो वहां पर पहले से ही घात लगाए बैठे दो-तीन युवकों ने देवेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और चाकू से भी हमला किया। तीन से चार गोलियां देवेंद्र देशवाल की छाती में लगी। उसके साथ उसके खेत के सहयोगी इस्लाम निवासी ममोर छुड़वाने लगा तो हमलावरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
तभी कुछ दूरी पर किसान बिल्ला निवासी तमाशाबाद ने भी यूपी में ही जमीन ले रखी है। वह मौके पर पहुंचा तो उसने गंभीर अवस्था में देवेंद्र देशवाल को बाइक पर ही गांव सनौली खुर्द के एक निजी अस्पताल में पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल इस्लाम को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक देवेंद्र देशवाल को सिविल अस्पताल पानीपत में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है। वहीं सनौली थाना पुलिस भी मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
परिजनों ने बताया कि देशवाल ने यूपी के गांव ममोर में सात एकड़ के जमीन खरीदी हुई है और 20 एकड़ के लगभग जमीन उसने ठेके पर लेकर खेती करता था। गांव के ही नदीम नाम के व्यक्ति सहित दो-तीन बदमाशों ने हत्या के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि गांव कुराड़ के देवेंद्र देशवाल ने तीन दिन पहले ही अपने फेसबुक पर गांव ममोर यूपी में सरपंच पद के चुनाव लड़ने का एक सोशल मीडिया पर अपना पोस्टर जारी किया था। वहीं इस मामले में हरियाणा और यूपी दोनों राज्यों के पुलिस जांच में जुटी हुई है।