घटना के बारे में जानकारी देते पीड़ित बच्चे के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के पानीपत में एक स्कूल में दूसरी कक्षा के मासूम को उलटा लटका कर पीटने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था। इसी बीच ऐसी ही एक और घटना हुई है। पानीपत के गांव काबड़ी में सरकारी स्कूल में नौवीं के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया। छात्र किसी अन्य कक्षा में अपने साथी से किताब लेने जा रहा था। आरोप है कि उसी समय विज्ञान के शिक्षक ने उसे रोककर थप्पड़ मारे। इसके बाद उसे प्रिंसिपल के कार्यालय में लेकर जाकर पिटाई की। छात्र ने किसी महिला के फोन से अपने परिजनों से इसकी जानकारी। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। परिजनों ने शिक्षक पर जाति सूचक शब्द करने के भी आरोप लगाए। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
गांव काबड़ी के रजनीश ने बताया कि उनका बेटा दीशु गांव के सरकारी स्कूल में नौवीं का छात्र है। सोमवार को वह स्कूल में गया था। उसने बताया कि वह अपनी किताब लेने के लिए दूसरे कमरे में जा रहा था। उसी समय विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक सुनील ने उसे रोक लिया और वापस जाने को कहा। जब वह वापस जाने लगा तो शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारे। इसके बाद उसे प्रिंसिपल के कार्यालय में लेकर जाकर भी थप्पड़ और मुक्के मारे। आरोप है कि बच्चे को घर पर बात भी नहीं करने दी।
बच्चे का करवाया गया मेडिकल
कुछ देर बाद बच्चे ने किसी महिला के फोन से परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद बच्चे की मां और पिता स्कूल में पहुंच गए और हंगामा किया। यही नहीं उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी। परिजनों ने छात्र का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया है।
क्या कहती है पुलिस
स्कूल में छात्र की पिटाई की सूचना मिली थी। शिक्षकों की ओर से भी शिकायत थाने में आई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। -देवेंद्र, प्रभारी थाना मॉडल टाउन।