टीजीटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की ऑनलाइन परीक्षा का पेपर सॉल्व करते हुए पांच लोगों को पुलिस ने हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा स्थित एक होटल के कमरे से धरदबोचा है। इन पांच में से तीन पेपर सॉल्वर हैं जबकि बाकी दो ने परीक्षार्थियों से रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का ठेका लिया था।
इन्होंने ही पेपर सॉल्वर को परीक्षार्थी की ऑनलाइन परीक्षा की लॉगिन आईडी और पासवर्ड मुहैया कराया था। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड में लेने की तैयार कर रही है, जिससे परीक्षा पास कराने के लिए रुपये देने वाले परीक्षार्थियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय में टीजीटी की ऑनलाइन परीक्षा थी। इस दौरान उन्हें खबर मिली कि पंजाब स्थित अमृतसर निवासी मनबीर थिग, जिसकी अमृतसर में ही पेपर सॉल्व कराने की लैब है, अपने साथियों के साथ समालखा स्थित टेन स्पून होटल के कमरा नंबर-102 में मौजूद है।
वह टीजीटी का पेपर सॉल्व करा रहा है। मंगलवार को टीजीटी की ऑनलाइन परीक्षा दो शिफ्टों में थी। पहली शिफ्ट की परीक्षा हो चुकी थी और दूसरी शिफ्ट में दोपहर तीन से शाम छह बजे तक होने वाली परीक्षा चल रही थी। इस सूचना पर एसएचओ सुनील कुमार, एसआई रामनिवास, एएसआई कप्तान सिह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, ईएसआई कुलदीप सिंह और चालक एसपीओ संजय कुमार ने टेन स्पून होटल में छापा मारा।
कमरा नंबर-102 का दरवाजा खटखटाकर खुलवाया गया। जहां पर पांच लोग मिले। यह लैपटॉप लेकर पेपर सॉल्व कर रहे थे। मौके से कपिल निवासी गांव खांडाखेड़ी नारनौद हिसार, आनंद निवासी गांव सिवानी भिवानी, हरिकेश निवासी उमरा हांसी, मनबीर थिग निवासी सुरजन सिंह वाला निवासी थाना झंडेवाला गुरु अमृतसर पंजाब और प्रदीप निवासी गांव चुल्लीकला मंडी आदमपुर हिसार को पकड़ा गया।
इनमें से हरिकेश, आनंद और प्रदीप ने कई लैपटॉप खोल रखे थे। सभी लैपटॉप पर ऑनलाइन टीजीटी का पेपर चल रहा था। तीनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि कपिल एवं मनबीर थीग ने ऑनलाइन पेपर खोलने के लिए परीक्षार्थियों की लॉगिन आईडी और पासवर्ड दिया था।
जिसके जरिये टीजीटी का ऑनलाइन पेपर खोला और उसे सॉल्व कर रहे थे। सुबह की शिफ्ट मे चार पेपर सॉल्व कर मनबीर एवं कपिल को दिए थे और शाम की शिफ्ट में भी चार पेपर सॉल्व कर रहे थे। तीनों को पेपर सॉल्व करने के लिए कपिल ने बुलाया था।
पुलिस ने कमरे से 17 लैपटॉप और 10 चार्जर, दो माउस, एक मोबाइल चार्जर और एक बिजली का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया। इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 120बी, 66 सी, 66डी एवं आईटी एक्ट की धरा 8(4) हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट 2021 के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएचओ समालखा सुनील कुमार ने बताया कि सभी से पूछताछ चल रही है। इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।