पानीपत। सीआईए-वन ने बिंझौल के डेरे पर कमलेश हत्याकांड का तीन दिन बाद खुलासा कर दिया। दावा किया कि कमलेश की हत्या उसी के बड़े बेटे प्रमोद ने की थी। वह अपनी मां के अवैध संबंधों से परेशान था। सीआईए-वन ने आरोपी प्रमोद को बिंझौल फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी को रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।
सीआईए-वन प्रभारी अजय कुमार मोर ने बताया कि कमलेश निवासी गांव मोदीपुर, करनाल की उसके बड़े बेटे प्रमोद ने शुक्रवार की रात को हत्या कर दी थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी मां कमलेश का सिर पत्थर से वार कर कुचला था। वह अपनी मां के अवैध संबंधों से तंग था। उसने कुछ दिन पहले अपनी मां को एक ट्रक चालक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। उसने मां कमलेश को बहुत समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद वह शुक्रवार शाम को साइकिल पर एनएफएल झील से दो पत्थर लेकर आया और फिर शराब पी। रात एक बजे उसने अपनी मां के सिर पर पत्थर से दो वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को चादर में लपेटकर डेरे से 200 मीटर दूर खेत के किनारे फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने और मामला दुराचार का लगे, इसलिए उसने शव को अर्धनग्न अवस्था में फेंका। वारदात को अंजाम देकर प्रमोद खेत के मालिक जोगिंद्र के डेरे पर चला गया।
योजना के मुताबिक प्रमोद अपनी मां के डेरे पर गया और लौटकर छोटे भाई सचिन, सुनील को मां के शव के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को वारदात की सूचना दी।
यह था मामला
गांव बिंझौल में डेरे पर रहने वाली कमलेश निवासी गांव मोदीपुर, करनाल की शुक्रवार रात वजनदार वस्तु से हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया था। कमलेश के बेटे प्रमोद ने मां की हत्या का आरोप छोटे भाई की सास कल्लो और साले प्रवीण पर लगाया था। प्रमोद का आरोप था कि उसके छोटे भाई सुनील ने 12 अगस्त को कल्लो की बेटी ज्योति से प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज होकर कल्लो, प्रवीण ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और अगले दिन छोड़ दिया।
बार-बार कार्रवाई की बात कहने पर पुलिस को हुआ शक
सीआईए-वन प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि कमलेश की मौत के बाद वे सिविल अस्पताल में मौजूद थे। प्रमोद बार-बार उनसे कड़ी कार्रवाई करने को कह रहा था। उसके चेहरे पर शिकन भी नहीं थी। प्रमोद अपनी मां कमलेश की हत्या का आरोप सीधे कल्लो, प्रवीण पर लगा रहा था। सीआईए-वन की टीम जांच के लिए गांव बिंझौल में खेत में पहुंची। वहां भी प्रमोद बार-बार जल्द कड़ी कार्रवाई की बात कहता रहा। इससे वह शक के दायरे में आ गया।
मामा बोला था, कल्लो, प्रवीण को नहीं प्रमोद को दबोचो
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रमोद के मामा श्याम सिंह निवासी गांव कचरौली ने भी केस सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। सीआईए-वन हत्या के संबंध में कमलेश के रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान मामा श्याम सिंह ने बताया कि उसको प्रमोद पर शक है। मां की मौत के बाद भी प्रमोद के चेहरे पर शिकन नहीं है। वह ऐसे घूम रहा है जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो। कल्लो, प्रवीण को छोड़ प्रमोद को दबोचा जाए तो मामला खुल जाएगा। सीआईए-वन ने ऐसा ही किया। प्रमोद ने पूछताछ में पूरी वारदात कबूल ली।
हत्या के बाद जागता राह पूरी रात
आरोपी प्रमोद ने पूछताछ में बताया कि उसने रात एक बजे पत्थर मारकर अपनी मां की हत्या की थी। हत्या के बाद उसको अहसास हुआ कि उससे गलत हो गया है। वह एक बजे से सुबह पांच बजे तक सो नहीं पाया। उसे यही चिंता रही कि अब क्या होगा? प्रमोद प्रात: साढ़े पांच बजे से लेकर साढ़े छह बजे तक ही सो पाया। इसके बाद योजना के तहत वह मां कमलेश के डेरे पर गया था।
वर्जन
प्रमोद ने ही अपनी मां कमलेश की हत्या की थी। पुलिस की जांच को प्रभावित करने के लिए उसने शव को अर्धनग्न अवस्था में फेंक दिया था। वह अपनी मां के अवैध संबंधों से तंग था। पुलिस ने प्रमोद को गांव बिंझौल फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को हत्या में प्रयुक्त पत्थर और कपड़े बरामद करने के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
अजय कुमार, इंचार्ज सीआईए-वन पानीपत