अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। तेज टक्कर से साइकिल सवार दस फीट उछलकर नीचे गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक कार सहित भाग निकला। टोल प्लाजा पर लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ है। दोनों हादसों में दो लोगों की मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंची सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव खोतपुरा निवासी रामनिवास (38) मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रामनिवास साइकिल पर अपने छोटे भाई सतीश को बाबरपुर मंडी स्थित पेट्रोल पंप पर छोड़कर टोल प्लाजा की तरफ आ रहा था। टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा, तभी करनाल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से रामनिवास ऊपर करीब दस फीट उछला और गिर पड़ा। हादसे में रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक मौका पाकर सेक्टर 13-17 के रास्ते भाग गया। सूचना पर पहुंची सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। वहां परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के नहीं थम रहे आंसू
सड़क दुर्घटना में रामनिवास की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रामनिवास तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी तीन लड़कियां हैं। भाई सतीश ने बताया कि रामनिवास के पांच बच्चों की पहले मौत हो चुकी है। इनमें दो लड़के और तीन लड़कियां थीं। बच्चों की मौत के सदमे से परिवार उबरा भी नहीं था कि इस हादसे ने सबकुछ बिखेर दिया।
टोल प्लाजा पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
केस-1
31 मार्च की देर रात करनाल-पानीपत रोड पर टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर पहले तेज रफ्तार डंपर संतुलन बिगड़ने से पलट गया था। इसके नीचे दबने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। क्रेन की सहायता से डंपर हटाते हुए व्यक्ति का शव निकाला गया था। व्यक्ति का शव बुरी तरह से कुचल गया था। बताया जा रहा है कि उसके दो लड़के एक मोटरसाइकिल पर उसके आगे ही चल रहे थे।
केस-2
तीन अप्रैल को जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा के पास विपरीत दिशा में आ रहे ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी थी। ट्रक की टक्कर से सवारियों से भरा ऑटो पलट गया था। इस हादसे में नौ सवारियों को गंभीर चोटें आई थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
केस-3
13 अप्रैल को रोडवेज की हड़ताल के दौरान टोल प्लाजा के पास सवारियां उठाने की होड़ में एक निजी बस ने सड़क पार कर रहे एक युवक को कुचल दिया था। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया था। सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में शव रखवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे।
जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास होने वाले हादसों का मुख्य कारण नियमों का पालन न करना है। तेज रफ्तार और नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। टोला प्लाजा पर विपरीत दिशा में आने-जाने वाले वाहन चालकों पर भी अंकुश लगाया जाएगा। सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने साइकिल सवार की मौत के मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपी को काबू कर लेगी।
आत्माराम लांबा, डीएसपी, पानीपत।