अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
देवी मूर्ति कॉलोनी में 6 बदमाशों ने हैंडलूम उद्योगपति, उसकी पत्नी, बेटे व दो बेटियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर 5 लाख कैश व 10 लाख रुपये के जेवर लूट लिए। बदमाश परिवार को बाथरूम में बंद कर फरार हो गए। वारदात वीरवार सुबह साढ़े 4 बजे हुई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी व सिटी थाना के एसएचओ, बस स्टैंड पुलिस चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने नमूने उठाए। पुलिस ने उद्योगपति के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ डकैती, शस्त्र अधिनियम व जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है।
उद्योगपति संजय चौधरी ने पुलिस को बताया कि उसका देवी मूर्ति कॉलोनी में 84 नंबर मकान है। वह रात को अपनी दो बेटियों, पत्नी व 3 साल की नातिन के साथ कमरे में सो रहा था। उसका बेटा अनमोल ऊपर कमरे में सो रहा था। सुबह साढ़े 4 बजे बदमाश उसके घर में घुस आए। बदमाशों ने पिस्तौल के बट से वार कर उसे और उसके बेटे को घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चादर फाड़कर उनके हाथ पैर बांधे और सबको बाथरूम में बंद कर दिया। बदमाशों ने उसकी बेटियों के हाथों से सोने की अंगूठियां भी निकलवा लीं। अलमारी से 5 लाख रुपये कैश व लगभग 10 लाख रुपये के जेवर बैग में भरकर फरार हो गए। पड़ोसी ने घर से आवाजें सुनकर देवी मंदिर से आ रहे एक पुलिस को कर्मी को बताया। पुलिसकर्मी ने उन्हें बाथरूम से निकाला। इसके बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। इस वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। शहरवासियों का कहना है कि पुलिस की कम गश्त के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन शहर में ऐसी वारदातें हो रही हैं।
आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है पुलिस
पुलिस की सभी क्राइम यूनिटों को वारदात के बारे में बता दिया है। पुलिस की चार टीमें बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही हैं। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। बदमाशों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का पूरा प्रयास कर रही है।
- राहुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक, पानीपत।
संशोधित --- मुख्य खबर...
6 बदमाशों ने हैंडलूम उद्योगपति, पत्नी, बेटे व दो बेटियों को बंधक बनाकर 5 लाख कैश व 10 लाख के जेवर लूटे
- पानीपत की देवी मूर्ति कॉलोनी में सुबह साढ़े 4 बजे दिया वारदात को अंजाम, अज्ञात पर केस
फोटो संख्या 1 व 2