एटीएम कार्ड बदलकर 1.80 लाख की आनलाइन शॉपिंग की
पानीपत। जीटी रोड स्काईलार्क रिसोर्ट स्थित एक बैंक के एटीएम पर कार्ड बदलकर कुछ लोगों ने कुछ ही देर में 1.80 लाख की आनलाइन शॉपिंग कर ली। ठगी का शिकार व्यक्ति अब न्याय की गुहार लगा रहा है। थाना शहर पुलिस ने उसकी शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार जितेंद्र कुमार निवासी सिद्धार्थ नगर ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि वह 16 मई को अपने एटीएम से स्काईलार्क में पैसे निकलवाने आया था। उसने पैसे निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन मशीन खराब मिली। वहां पर पहले से ही तीन लड़के खड़े थे। उनमें से एक लड़के ने दूसरी मशीन में एटीएम प्रयोग करने की बात कही। उसने बताया कि उसके अकाउंट में पैसे कम हैं। जिसके चलते पैसे नहीं निकल पा रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने उसका एटीएम बदल दिया। उसके मोबाइल पर कुछ समय बाद 1.80 लाख रुपये की आनलाइन शॉपिंग करने का मेसेज आया। वह स्काईलार्क स्थित एटीएम पर पहुंचा, लेकिन उस वक्त बदमाश मौके पर नहीं थे। थाना शहर प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।