मांगों को लेकर मजदूरों ने किया प्रदर्शन
पानीपत। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन ने शहर के अलग-अलग क्षेत्र में मजदूर स्पिनिंग मिलों में न्यूनतम वेतन लागू कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जय भगवान की अध्यक्षता में किया। यूनियन के सदस्य हाली पार्क में पहुंचे। प्रदर्शन में निजामपुर रोड, शिमला मौलाना रोड, गांजबड़ रोड, भैंसवाल रोड, बरसत रोड आदि के मजदूर शामिल रहे। सभा में मजदूरों ने न्यूनतम वेतन लागू करने, ईएसआई व पीएफ लागू करने, श्रम कानून लागू करने सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मजदूरों को इंडस्ट्रियल वर्कर्स यूनियन के सचिव व सीटू प्रधान सुनील दत्त ने कहा कि मजदूर 12 घंटे उद्योगों में जी तोड़ मेहनत करने के बाद भी वह न्यूनतम वेतन पाने से वंचित हैं। एक मजदूर के वेतन से प्रतिमाह 3 हजार रुपये की चोरी की जाती है। ज्यादातर श्रमिकों के नाम उद्योगों के हाजिरी रजिस्टर में दर्ज नहीं किए जाते। प्रबंधक अनफेयर लेबर एक्ट के तहत कार्य कर रहा है, जिसको लेकर मजदूरों में रोष है। उन्होंने कहा कि 28 मार्च को मजदूरों की मांगों को मांग पत्र उप श्रमायुक्त डीएलसी पानीपत को प्रदर्शन कर सौंपा जाएगा।