छह बाल श्रमिक कराए मुक्त
पानीपत। बाल कल्याण सोसायटी (सीडब्ल्यूसी) की टीम ने पंचरंगा बाजार स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास सावन शॉल व इंसार चौक स्थित सुरेंद्र पुत्र चेतन की दुकान पर दबिश दी। सीडब्ल्यूसी की टीम ने दोनों दुकानों से 13 व 15 साल के दो बाल श्रमिकों को बरामद किया। दुकानदार अमित व सुरेंद्र दोनों किशोर श्रमिकों को मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करते थे। आरोपितों के खिलाफ सीडब्ल्यूसी की किरण मलिक की शिकायत पर थाना सिटी में केस दर्ज कराया है। वहीं सीडब्ल्यूसी की टीम ने सोमनाथ पुत्र मदन लाल निवासी सुखदेव नगर, पानीपत, वीरेंद्र कुमार निवासी हुडा सेक्टर 25 के प्रतिष्ठानों पर दबिश दी और दोनों स्थानों से 14-14 साल आयु के दो किशोर श्रमिकों को जो कि बिहार व उत्तर प्रदेश प्रवासी है को बरामद किया। सीडब्ल्यूसी की सदस्य किरण मलिक की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने सोमनाथ व वीरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। इधर, सीडब्ल्यूसी की टीम ने इंसार बाजार के दुकानदार रवि पुत्र सुभाष व पुरानी सब्जी मंडी स्थित सुंदर पुत्र गोविंद के प्रतिष्ठान पर दबिश दी और दोनों स्थानों से 16-16 आयु के दो किशोर श्रमिकों को बरामद किया। दोनों श्रमिकों मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोपित रवि व सुंदर पर बाल थाना सिटी में केस दर्ज किया है। इधर, पानीपत पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि कई प्रतिष्ठानों से बाल श्रमिकों को बरामद किया है और प्रतिष्ठानों के संचालकों पर केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बरामद बाल श्रमिकों को वाइल्ड वेलफेयर सोसायटी को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के खिलाफ दर्ज केस की गहन जांच कर रही है।