इंतकाल करने की एवज में पटवारी पर 8 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप
सनौली। एक किसान के बेटे ने पटवारी पर जमीन का विरासत का इंतकाल करने की एवज में 8 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा इसकी शिकायत तहसीलदार बापौली को दी है। तहसीलदार ने किसान की शिकायत पर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। गांव बापौली के किसान रवि तंवर ने तहसीलदार बापौली मोहिंद्र सिंह को शिकायत दी कि उसने जमीन का इंतकाल कराने के लिए एक पटवारी के पास पहुंचा तो पटवारी ने उससे विरासत इंतकाल कराने की एवज में 8 हजार रुपये की मांग की जिसे वह देने में असमर्थ है। उनकी जमीन का इंतकाल कराएं और रिश्वत मांग करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस पर तहसीलदार बापौली मोहिंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार जमीन संबंधी कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार बापौली ने बताया कि पटवारी पर पैसे मांगने की एक शिकायत आई है जिसकी जांच की जा रही है।