परिवार भतीजी की शादी में गया था, पीछे से चोरों ने उद्योगपति के मकान से चोरी किए साढ़े तीन लाख नकद व 4 लाख के सोने चांदी के गहने
-सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत। चोरों ने सेक्टर 11-12 में उद्योगपति के मकान को निशाना बनाकर साढ़े तीन लाख रुपए नकद व 4 लाख रुपए के सोने व चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के वक्त परिवार अपनी भतीजी की शादी में सेक्टर 25 स्थित गार्डन में गया था। चोरों ने इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने इसकी सूचना सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया और परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आत्म प्रकाश आर्य पुत्र श्री देवी दास आर्य निवासी मकान नंबर 1711 सेक्टर 11-12 ने बताया कि वो पेशे से उद्योगपति है। उसकी सेक्टर 29 में डाइंग कैमिकल की फैक्ट्री है। रविवार रात को अपने परिवार सहित अपनी भतीजी की शादी में राज विलास पैलेस सेक्टर 25 में गए थे। वो सोमवार सुबह लगभग 3 बजे घर पहुंचे तो मकान में गेट अंदर से बंद था। वो गेट से कूदकर अंदर पहुंचे और अंदर का गेट को कूंडा खोला। उन्होंने देखा कि कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से चोर साढ़े 3 लाख रुपए व साढ़े चार लाख के जेवर चोरी कर ले गए। चोर सोने के बालिया , अगुंठी एंव गले का 8 तोले का सोने का हार चोरी कर ले गए है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व अपने रिश्तेदारों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। परिवार के लोगों को शक है कि इस वारदात में किसी परिचित का ही हाथ है। क्योंकि उन्हें भतीजी की शादी की जानकारी थी। उनको पता था कि वो रात को शादी में बाहर जाएंगे। उन्होंने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।