मूर्ति खंडित करने के आरोपी भेजे गए जेल
-गांव नारा के धर्मस्थल में मूर्तियों को खंडित करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पानीपत के गांव नारा में धार्मिक स्थल में मूर्तियों को खंडित करने के आरोपियों शमशेर पुत्र तेजबीर, मोहित पुत्र जगदीश, विक्रम पुत्र मामन निवासी गांव नारा को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस का पक्ष जानने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि आरोपियों ने एक धार्मिक स्थल में मूर्तियों को खंडित कर दिया था। तीनों आरोपियों का तर्क था कि दूसरे वर्ग की आस्था का प्रतीक मूर्तियां अपने मंदिर में नहीं रखेंगे। वहीं मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से गांव नारा में तनाव का माहौल बन गया था। गांव के प्रबुद्ध ग्रामीणों ने 36 बिरादरी की पंचायत की थी। पंचायत ने तीनों आरोपी युवकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की सलाह सरपंच सूरजभान को दी थी। सरपंच सूरजभान की शिकायत पर थाना मतलौडा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 34 व 506 के तहत केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं गांव नारा के ग्रामीणों ने तीनों आरोपियों का सामाजिक बहिष्कार भी किया। ग्रामीणों का तर्क है कि तीनों आरोपित युवकों की मंशा गांव के सामाजिक माहौल को खराब करने की है। इधर, थाना मतलौडा पुलिस गांव नारा में गश्त कर हालात पर नजर रखे हुए है।