दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत
पानीपत। जीटी रोड पर एनएफएल के सामने सोमवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सेक्टर-29 चौकी पुलिस ने मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। राजनगर निवासी पुनीत (30) वकील के पास बतौर मुंशी काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार शाम किसी काम से बाइक पर घर से गया था। जीटी रोड पर एनएफएल के सामने विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचे। सेक्टर-29 चौकी पुलिस ने मंगलवार सुबह परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। सेक्टर-29 चौकी प्रभारी महाबीर सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।