हनी ट्रैप : महिला वकील से बरामद किया मोबाइल, चेन व कैश
रेप के झूठे मामले में फंसाने का भय दिखाकर पैसे ऐंठने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए वन पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग से रिमांड के दौरान मोबाइल, चेन व कैश बरामद किया है। आरोपियों ने बिजली निगम के जेई से 4 तोले की सोने की चेन छीनी थी। आरोपियों के मोबाइल में कई और व्यक्तियों की अश्लील फोटो व वीडियो भी मिली है, लेकिन मामले में कोई और शिकायतकर्ता सामने नहीं आ रहा। इसलिए पुलिस दूसरे मामलों में खुलासा नहीं कर पाई। पुलिस ने गैंग की सरगना महिला वकील विजय लक्ष्मी व प्रतीक को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह हैं मामला
किला बिजली निगम में कार्यरत जेई सतबीर ने पुलिस में शिकायत दी थी कि तीन महिलाओं व एक व्यक्ति ने उनकी अश्लील फोटो खींच कर उनसे 3 लाख रुपये व सोने की चेन ऐंठ ली। पीड़ित की शिकायत पर एसपी राहुल शर्मा ने ये केस सीआईए वन पुलिस को सौंप दिया। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग का खुलासा किया। साथ ही आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने अश्लील फोटो, कैश व सोने की चेन लेने का जुर्म भी कबूल किया। पुलिस ने चारो आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने दो और हनी ट्रैप मामले में कबूलनामा किया है, लेकिन पुलिस में कोई शिकायत दर्ज न होने के कारण पुलिस उन मामलों की छानबीन नहीं कर पा रही है। पुलिस ने अपील की है कि जो भी व्यक्ति इस तरह की घटनाओं का शिकार हुआ हो, वो सामने आए।