टेक्सटाइल प्रदर्शनी चीनी उद्यमी का बैग चोरी
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत। पानीपत सिटी स्थित अनाज मंडी में होम टेक्सटाइल मशीनरी प्रदर्शनी द्वारा आयोजित होम टैक्स, टीईएसीएच एक्प्रो प्रदर्शनी में भाग लेने आए चीन के उद्यमी व्यूजींघई का शनिवार की देर रात अज्ञात लोगों ने बैग चोरी कर लिया। बैग में व्यूजींघई का पास्पोर्ट, दो हजार अमेरिकी डॉलर, मोबाइल फोन सैट, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड व जरूरी कागजात रखे हुए थे। वहीं बैग चोरी होने की शिकायत व्यूजींघई ने प्रदर्शनी के आयोजक राजेश सिन्हा को दी। सिन्हा की शिकायत पर थाना चांदनी बाग पुलिस प्रदर्शनी में पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं व्यूजींघई को न तो हिंदी भाषा का ज्ञान है और न ही अंग्रेजी भाषा का ज्ञान है। इसके चलते चीनी, अंग्रेजी व हिंदी भाषा के ज्ञाता के माध्यम से पानीपत पुलिस ने चीनी उद्यमी व्यूजींघई से पूरे मामले की जानकारी ली। व्यूजींघई ने बताया कि वह प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए चीन से पानीपत आया था। प्रदर्शनी में प्रदर्शित भारतीय उत्पादों को देखने के दौरान उसने अपना बैग कुर्सी पर रख दिया। वहीं उत्पादों को देखने के बाद जब वह पास लौटा तो कुर्सी पर रखा उसका बैग गायब मिला। उसने प्रदर्शनी के आयोजक की मदद से बैग की तलाश करवाई। लेकिन बैग नहीं मिला। इधर, पुलिस के आग्रह पर एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की। जबकि थाना चांदनी बाग पुलिस ने चोरी की इस घटना के मामले में चीन के नागरिक व्यूजींघई की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पानीपत पुलिस के प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि चीन के नागरिक व्यूजींघई पानीपत में टेक्सटाइल संबंधी आयोजित प्रदर्शनी में भाग लेने आए थे। प्रदर्शनी में भाग लेने के दौरान अज्ञात लोगों ने व्यूजींघई का बैग चोरी कर लिया। बैग में व्यूजींघई का पासपोर्ट, अमेरिकन डॉलर समेत अन्य जरूरी कागजात थे। पुलिस मामले की गहन तरीके से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपित की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा और चीनी नागरिक का चोरी किया गया सामान व नगदी बरामद की जाएगी।