थर्मल। थर्मल बाईपास पर एक निजी स्कूल के बच्चों को स्कूल से बाईपास छोड़ने जा रहे बस चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार नीचे जमीन पर गिर कर घायल हो गए। हादसे के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। हादसे के करीब 10 मिनट बाद एक घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में दूसरे घायल को आरोपी बस चालक हादसा ग्रस्त बस में ही डाल कर सामान्य अस्पताल ले कर आया। अस्पताल तक पहुंचने में दूसरे घायल ने बस में ही दम तोड़ दिया। उसके दम तोड़े जाने पर आरोपी चालक सामान्य अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की इमरजेंसी वार्ड के बाहर बस सहित मृतक को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद बस को नई बिल्डिंग स्थित वार्ड इमरजेंसी वार्ड तक लाया गया। जहां मृतक का पंचनामा भरवा कर शव को शव गृह में रखवा गया। परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपी बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने की धारा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
थर्मल पावर स्टेशन की बस पीटीपीएस स्कूल के बच्चों को लेकर थर्मल बाईपास पर छोड़ने जा रही थी। वहीं दूसरी ओर से थर्मल पावर स्टेशन में ही डीसी रेट पर बतौर डाटा ऑपरेटर कार्यरत सुनील कुमार (28) निवासी शास्त्री कॉलोनी पानीपत व पीटीपीएस की डिस्पेंसरी में बतौर क्लर्क कार्यरत गौरव (25) निवासी शामड़ी हाल निवासी वधावा राम कॉलोनी के साथ थर्मल बाईपास पर लंच करने के बाद वापस अपनी ड्यूटी पर आ रहे थे। सौर ऊर्जा प्लांट के पास बस ने रॉन्ग साइड से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण सुनील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घायल गौरव को पानीपत के सामान्य अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसने भी अस्पताल तक पहुंचने में दम तोड़ दिया।