दहेज में बाइक व पैसे नहीं मिले तो विवाहिता को जहर देकर मार डाला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव छाजू गढ़ी में विवाहिता को दहेज में बाइक और पैसे न मिलने पर जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया। समालखा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में पति, सास व ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नरेश निवासी मुरथल ने बताया कि उसने 2015 में अपनी बेटी कोमल (21) की शादी छाजु गढ़ी गांव के नवीन पुत्र रणधीर के साथ की थी। शादी के बाद से नवीन व उसका परिवार कोमल को दहेज के लिए परेशान कर रहा था। कई बार कोमल को बाइक व पैसे की मांग के चलते मारा-पीटा गया। जबकि उन्होंने शादी के वक्त हैसियत से अधिक दहेज दिया था। कोमल अकसर फोन पर अपनी आपबीती बताती थी। सोमवार को उसके पास नवीन का फोन आया था। नवीन ने बताया कि कोमल ने जहर खा लिया। वह सूचना मिलने के बाद सीधा सिवाह गांव के पास स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्हें शक है कि नवीन उसके पिता रणधीर व उसकी मां रामरती ने कोमल की जहर देकर हत्या की है। समालखा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।