बेटी को ससुराल छोड़ने आए माता पिता को पिटा, बहू को दिया जहर, मुकदमा दर्ज
मतलौडा। गांव फफड़ाना निवासी माता पिता अपनी विवाहित बेटी और उसके दो बच्चों को बाल जाटान स्थित उसकी ससुराल में छोड़ने आए। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के पिता के साथ मारपीट की और विवाहिता को जहर दे दिया। महिला ने अपने पति, सास व ससुर समेत 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला इन्दू ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 8 साल पहले उसकी शादी बाल जाटान वासी देवेन्द्र के साथ हुई थी। पति शराब का आदी है और आए दिन शराब पीकर झगड़ा और मारपीट करता रहता है। परेशान होकर वह अपने 4 साल के बेटे व 6 साल की बेटी के साथ पिछले 8 माह से मायके फाफड़ाना गांव में रह रही थी। रविवार को उसके माता पिता उसे व उसके बच्चों को ससुराल छोड़ने के लिए आए। अभी बातचीत चल ही रही थी कि पति, सास समेत अन्य परिजनों ने उसे जबरदस्ती पकड़कर उसके मुंह में जहर दे दिया। चिल्लाने पर माता पिता ने छुड़वाने की कोशिश की तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। किसी तरह उसे असंध के अस्पताल पहुंचाया गया और वहां से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल रेफर किया गया। मतलौडा पुलिस ने पीड़ित इन्दू के बयान पर पति देवेन्द्र, सास कलाशो, चाचा सुमेर, सुमेर की पत्नी, देवर पवन, मुकेश, ताई चन्द्रा व एक अन्य के खिलाफ जहर देकर मारने का मुकदमा दर्ज करवाया है।