सड़क हादसे में युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जीटी रोड पर बरसत मोड़ के पास करनाल से दिल्ली लेन पर सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बस का पहिया युवक के मुंह पर से उतरने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। सूचना पर पहुंची थाना शहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए। जीटी रोड पर बरसत मोड़ के पास करनाल-दिल्ली लेन पर शनिवार सुबह सड़क पार कर रहे करीब 30 वर्षीय युवक को बस ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थाना शहर प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।