घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
पानीपत। अशोक विहार कॉलोनी में चांद मस्जिद के पास एक 60 साल की अधेड़ महिला का शव उसी के घर के आंगन में मिला। तीन दिन से मकान का गेट नहीं खुला तो पड़ोसियों ने झांक कर देखा तो अधेड़ का शव पड़ा था। इसके बाद किला थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को शवगृह में भिजवाकर परिजनों को इसकी सूचना दी है। शनिवार को परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय किरण पत्नी सुनील निवासी अशोक विहार कॉलोनी घर में अकेली रहती थी। उसकी बेटियों की शादी हो चुकी है। पति पेशे से ट्रक ड्राइवर है। तीन दिन पहले सुनील काम पर चला गया था। किरण घर पर अकेली थी। तीन दिन तक गेट नहीं खुला तो पड़ोसियों ने मकान में झांक कर देखा। किरण का शव आंगन में पड़ा था। शव से बदबू भी आ रही थी। गेट अंदर से बंद था। अब तक किरण की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पति सुनील को इस घटना की सूचना दे दी गई है।