कार्तिक की मौत के केस मे फरार आरोपी बस चालक गिरफ्तार
पानीपत। कच्चा कैंप क्षेत्र की पुरेवाला कालोनी निवासी चार वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में बाबा जोध सचियार स्कूल की बस के ड्राइवर आरोपी कामिल हसन पुत्र अली मोहम्मद को थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मंगलवार की सुबह नोहरा मोड से असंध रोड से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कामिल हसन को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस का पक्ष सुनने के बाद आरोपित कामिल को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया। वहीं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश कुमार वत्स ने बताया कि 19 मार्च को खुखराना गांव के पास बाबा जोध सचियार स्कूल की बस मे सवार कच्चा कैंप क्षेत्र की पुरेवाला कालोनी के चार वर्षीय बच्चे कार्तिक की उसी बस के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि कार्तिक अपनी मां के साथ बस मे सवार होकर गांव आसन से पानीपत आ रहा था। जिस सीट पर कार्तिक बैठा था उसके नीचे का फर्श कथित रूप से गला हुआ था और इस हिस्से पर लड़की का पटड़ा पड़ा हुआ था। पटड़ा खिसकते ही कार्तिक बस के पिछले पहियों के नीचे आ गया था। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन पुलिस ने बस ड्राइवर व अन्य आरोपियों के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में गैर इरादन हत्या के आरोप में केस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। वहीं पुलिस ने मंगलवार को आरोपी बस चालक कामिल हसन को असंध रोड से गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद आरोपित को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।