खुबड़ू झाल के पास मिला नहर में डूबे युवक का शव
थर्मल। 13 जून को दिल्ली पैरलल नहर में डूबे युवक अनिल निवासी अलूपुर का शव खुबड़ू झाल के पास मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं अनिल को घर से बुलाकर लाने वाले दोस्तों के खिलाफ असंध नहर नाका पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि 13 जून को गांव के अमित, विनोद, अरविंद, अंकित व दिलशाद अनिल को घर से बुलाकर लाए और एक साजिश के तहत उसे नहर पर लाकर डूबो दिया। अनिल के शव के नाक से खून बह रहा था। अनिल की मां कुसुम ने बताया कि एक साल पहले अंकित के पिता कृष्ण ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसका मामला थाना मतलौडा में दर्ज है। वहीं पुरानी रंजिश के चलते उसके बेटे की हत्या की गई है। इस बारे में असंध नहर नाका चौकी के इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।