पानीपत। सेक्टर 25 फ्लाईओवर के सामने वीरवार अलसुबह करीब 3 बजे चंडीगढ़ से राजस्थान के भरतपुर के लिए जा रही राजस्थान रोडवेज की बस शराब की पेटियों से लदे खड़े ट्रक में जा घुसी। बस चालक साइड से ट्रक के भीतर घुसी, जिस कारण बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस, सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने घायल सवारियों को सामान्य अस्पताल भिजवाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं हादसे में मौत का शिकार हुए बस चालक को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया व उसके शव को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवाया गया। परिचालक के बयान पर उसका पोस्टमार्टम करवाया गया व शव उसके साथी चालक व परिचालक को सौंप दिया गया। वे मृतक को राजस्थान रोडवेज की बस में रख कर उसके पैतृक गांव ले गए।
11 सवारियां हुई घायल, 7 रोहतक पीजीआई व 4 चंडीगढ़ में है उपचाराधीन : पुलिस को दी शिकायत में परिचालक घनश्याम निवासी भरतपुर राजस्थान ने बताया कि वह राजस्थान परिवहन निगम में परिचालक के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में पोस्टिंग लोहागढ़ डिपो में है। बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह चंडीगढ़ से 26 सवारियों को लेकर राजस्थान के लिए निकले थे। बस को ड्राइवर वीरेंद्र सिंह निवासी कुम्हेर, भरतपुर चला रहा था। रात करीब तीन बजे वह खादी आश्रम के सामने पहुंचे थे। उस वक्त अधिकतर सवारियां सो रही थीं। खादी आश्रम के सामने सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। ट्रक के इंडिकेटर नहीं जल रहे थे। ट्रक के पास पहुंचने पर वीरेंद्र की नजर पड़ी लेकिन तब तक काफी देरी हो चुकी थी। चालक ने बस को काटने का प्रयास किया। इमरजेंसी ब्रेक भी लगाए, लेकिन बस चालक की तरफ से ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सवारियां बस में इधर-उधर जा गिरीं। सभी घायल 11 सवारियों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सभी को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां से 4 घायलों को उनके परिजन चंडीगढ़ पीजीआई ले गए।
दिल्ली जाने के लिए शराब से लदा खड़ा था ट्रक, चालक कर रहा था आराम : हादसे के बाद चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। जिसको हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस सहित राहगीरों के प्रयास से काफी देर बाद जाम खुला। इसके बाद ट्रक के भीतर झांक कर देखा, जिसमें शराब की पेटियां लदी हुई थी। ये शराब की पेटियां दिल्ली ले जाई रही थी।
जांच अधिकारी सेक्टर 11-12 चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक लापरवाही से ट्रक को खड़ा कर उसमें आराम कर रहा था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
ये 11 सवारियां हुईं घायल :
- प्रिया निवासी शामली
- रनवीरी निवासी हाथरस
- विक्रम निवासी नेपाल
- मिनराज निवासी सेक्टर- 45, चंडीगढ़
- यशोदा निवासी 41ई, चंडीगढ़
- सीता निवासी सलोन, हिमाचल प्रदेश
- गीता निवासी पलावत, यूपी
- गुरुदेव निवासी हाथरस, यूपी
- सतीश निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी
- विमल निवासी सेक्टर- 45, चंडीगढ़
- आशीष निवासी सेक्टर- 45, चंडीगढ़