दुकान के तोड़ रहा था ताले, पड़ोसियों ने कैमरे में देखकर किया सूचित, दुकानदार ने मौके पर दबोचा
पानीपत। सनौली रोड पर एक युवक चोरी करने के इरादे से दुकान के ताले तोड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दुकान के सामने वाले घर के लोगों की नजर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पर पड़ी। जिसमें उन्होंने आरोपी को वारदात को अंजाम देते हुए देख लिया। इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंच कर आरोपी व लोहे की रॉड को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में पुनीत लखीना पुत्र रविंद्र लखीना निवासी सनौली रोड ने बताया कि उसका ग्लेमर गर्ल्स बुटिक के नाम से सनौली रोड पर ही दुकान है। रविवार सुबह 3 बजकर 32 मिनट पर दुुकान के पड़ोसी अंकित छाबड़ा का फोन उसके फोन पर आया। जिसने बताया कि कोई युवक हाथ में रॉड लिए हुए है और शटर पर लगे ताले को तोड़ रहा है। सूचना मिलते ही पुनित व उसके पिता दुकान पर पहुंचे, तो वहां पर दुकान के पास एक लड़का खड़ा था। जोकि पिता-पुत्र को देखकर वहां खड़ी एक कार के पीछे छिप गया। जिसको मौके पर ही पकड़ लिया व उससे पूछताछ करनी शुरू की। दुकान के शटर के पास पड़ी लोहे की रॉड को कब्जे में लेकर आरोपी को काबू कर दुकानदारों ने आस-पास की अन्य दुकानों की जांच करनी शुरू की। जिस दौरान वहां पास की ही एक अन्य दुकान का भी ताला टूटा हुआ मिला। जिसके मालिक को रात को ही सूचना दे गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व आरोपी सहित रॉड को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी।