एचएसडब्ल्यूसी की महिला मैनेजर समेत चार पर केस दर्ज
-पानीपत की अनाज मंडी से 12 लाख के गेहूं के गायब होने का मामला
पानीपत। हरियाणा राज्य वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के पानीपत की नई अनाज मंडी से 12 लाख रूपये कीमत के 1398 गेहूं से भरे बैग गायब हो गए। कॉरपोरेशन के पानीपत जिला प्रबंधक की शिकायत पर थाना चांदनी बाग पुलिस ने वेयर हाउस कॉरपोरेशन पीपली की जिला प्रबंधक ज्योति गांव सिवाह स्थित कॉरपोरेशन के गोदाम कीपर मैनेजर विकास कुमार, कॉरपोरेशन के पानीपत कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अशोक कुमार व दो अप्रैल तक पानीपत के कॉरपोरेशन कार्यालय में नियुक्त रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजबीर सिंह के खिलाफ धोखाधडी करने, आपराधिक षडयंत्र रचाने समेत तीन आरोपित धाराओं में केस दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में जिला प्रबंधक सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाण राज्य वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद कर रही है। जिनमें से 1398 गेहूं से भरे बैग गायब हो गए। इसका खुलासा गेहूं के बैगों की गिनती होने के दौरान हुआ। गायब हुए गेहूं के 1398 बैगों की कीमत 12 लाख रूपये है। केस की जांच कर रहे एएसआई सुभाष ने बताया कि आरोपियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए थाना चांदनी बाग बुलाया जाएगा। जांच में जो भी आरोपी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। एचएसडब्ल्यूसी के मैनेजर सतबीर ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर कॉरपोरेशन के मुख्यालय को भी भेज दी है।