गोरक्षा दल ने कंटेनर से 20 गोवंशों को कराया मुक्त
समालखा। गोरक्षा दल के सदस्यों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर गोवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़कर इसमें ठूस-ठूस कर भरे 20 गोवंशो को चुलकाना रोड गोशाला में छुड़वा दिया। चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर भाग गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच कंटेनर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है। गौरव निवासी नूरवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार को एक सूचना मिलने पर अपने साथियों के साथ पानीपत टोल टैक्स के पास नाका लागाकर गोवंश के तस्करों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक कंटेनर करनाल की ओर से आया। शक होने पर उसे रोकने का इशारा किया तो उसने रोकने की बजाए उसकी गति बढ़ा दी और कंटेनर को उन पर चढ़ाने की कोशिश की। उनकी टीम ने जब उनका पीछा किया तो चालक मौका पाकर कंटेनर को समालखा चौकी के नजदीक खड़ा कर भाग गया। जब कंटेनर की तलाशी ली गई तो उसमें मुंह व पैर बंधे 20 गोवंश भूखे प्यासे पाए गए। जिन्हें आरोपी तस्कर यूपी की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने सभी गोवशों को चुलकाना रोड गोशाला में छुड़वा दिया। पुलिस ने फरार आरोपियों पर मामला दर्ज करते हुए कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया।