लूट के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, व्यापारियों में रोष
- 13 फरवरी की रात दिल्ली के व्यापारी के साथ 4 बदमाशों ने 60 लाख के गहनों के बैग सहित 70 हजार की नकदी लूटी थी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। 13 फरवरी की रात को दिल्ली के डायमंड व्यापारी से हुई लूट के बाद से शहर के व्यापारियों में पुलिस प्रशासन व शहर की सुरक्षा के प्रबंधों को लेकर काफी रोष है। लूट के 3 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ किसी तरह का कोई सबूत नहीं लगा है। वहीं पुलिस शहर भर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी है। लेकिन अभी तक किसी भी फुटेज में लुटेरे नजर नहीं आ रहे।
वहीं रोषित व्यापारियों ने पुलिस को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया था। पुलिस को व्यापारियों ने कहा था कि अगर पुलिस रविवार की रात तक इसमें किसी तरह की कार्रवाई नहीं करती है, तो व्यापारी पुलिस के खिलाफ एकजुट होकर अपनी दुकानें बंद करेंगे व लघु सचिवालय में धरना देंगे। शनिवार को व्यापारियों ने कहा कि पुलिस इस मामले को भी सिर्फ कागजों तक ही खत्म करना चाहती है। लेकिन इस बाद व्यापारी किसी और ही मूड में नजर आ रहे है। व्यापारी शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करवाने और शहर को सुरक्षित माहौल दिलवाने के इरादे से पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए हर रोज लूट के मामले का फॉलोअप ले रहे है। वहीं मामले की जांच कर रहे सिटी थाना प्रभारी संदीप कुमार व डीएसपी सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस के हाथ कुछ सबूत लगे है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।