आईआईएफएल फोटो-33 से 35
ग्राहकों को सता रही सोने की चिंता, कंपनी ने दिया भरोसा
इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस लिमिटेड के ऑफिस में ग्राहक कर रहे पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस लिमिटेड के कार्यालय में लूट की वारदात का पता लगते ही मंगलवार सुबह ग्राहकों का तांता लग गया। हर कोई अपने सोने के बारे में जानने का प्रयास कर रहा था। कंपनी के अधिकारियों ने लोगों को सोने का कंपनी की तरफ से इंश्योरेंस कराने की जानकारी दी और उनको सोना सुरक्षित होने का भरोसा दिया। कंपनी ने सोने पर करीब 2.82 करोड़ रुपये का ऋण बांट रखा था। वहीं कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मंगलवार को पानीपत में पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कंपनी की कैशियर सोनिया व भारत भूषण के साथ भी बातचीत की। कंपनी अधिकारियों की इसके बाद देर शाम तक कार्यालय में ही बैठक चलती रही। कंपनी के अधिकारी इन सबके बीच मीडिया के सवालों से बचते रहे।
----
मुझे पैसों की जरूरत थी और चार तोले सोना आईआईएफएल के सनौली रोड कार्यालय से चार हजार रुपये लिए थे। मैं हर माह 80 रुपये ब्याज भी जमा करा रही थी। मुझे अब अपने सोने की चिंता सता रही है।
- मीनाक्षी, निवासी, सैनी कॉलोनी
मुझे पिछले दिनों पैसों की अचानक जरूरत पड़ गई। घर से सात तोले सोना कंपनी के कार्यालय में रख दिया और 53 हजार रुपये प्राप्त किए। वह आठ सौ रुपये माह ब्याज जमा कराता है।
- विभोर गर्ग, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी
40 ग्राम सोने पर लोन लिया था। मुझे मंगलवार सुबह ही कंपनी के ऑफिस में लूट होने की जानकारी लगी। मैं अपने सोने को लेकर काफी चिंतित हूं। मुझे कंपनी अधिकारियों ने सोने का इंश्योरेंस होने का भरोसा दिया है।
-सुनील, निवासी, कृष्णपुरा
मैंने 30 ग्राम सोने पर 15 हजार रुपये का लोन लिया था। मुझे मंगलवार सुबह ही कंपनी के ऑफिस से सोना लूटने की जानकारी लगी। मैंने बड़ी मुश्किल में सोने पर लोन लिया था और अब सोने को लेकर ही चिंता सताने लगी है।
- सुषमा, निवासी, बलजीत नगर