एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ लगाई 20 हजार की चपत
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा।
फोन पर एटीम कार्ड का पासवर्ड पूछकर सिक्योरिटी गार्ड के खाते से करीब बीस हजार रुपये निकाल लिए गए। जिसके बाद पीड़ित ने कार्रवाई की गुहार लगाई।
अशोक कुमार गौतम निवासी मध्य प्रदेश ने बताया कि वह एक दवा फैक्ट्री में बतौैर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। उसका फरीदाबाद में बैंक अकाउंट है। सोमवार दोपहर को उसे एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक पदाधिकारी बताया और एटीएम बंद होने से बचाने के लिए उसके नंबर पूछे। इसके बाद उसने पासवर्ड व मोबाइल पर आई अन्य जानकारी भी उससे ली। जिसके कुछ समय बाद ही उसके खाते से बीस हजार रुपये निकल गए। पैसे निकलने का पता लगते ही वह बैंक पहुंचा और एटीएम को ब्लॉक करवाया। उसने बताया कि वह एक मामूली गार्ड की नौकरी करता है और बड़ी मुश्किल से पाई-पाई जोड़कर रकम इकट्ठा की थी। पीड़ित ने मामले को लेकर उचित कार्रवाई करने की बैंक अधिकारियों से मांग की है।