शुगर मिल में गन्ना न लेने से नाराज किसान आज देंगे धरना
मतलौडा। क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान को शुगर मिल द्वारा गन्ना लेने की पर्ची थमाए जाने पर भी गन्ना न लेने से परेशान किसान रविवार को नारायणगढ़ शुगर मिल पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना देंगे। खेतों में कई दिनों से गन्ने से भरी हुई ट्रैक्टर ट्रॉलियां खड़ी है। किसानों में सरकार व शुगर मिल के खिलाफ रोष व्याप्त है। भारतीय किसान यूनियन ने भी शुगर मिल व प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाकियू जिला प्रधान सतनारायण बांगड़ ने बताया कि नारायणगढ़ शुगर मिल में भाकियू द्वारा 17 मार्च को प्रस्तावित किसान महापंचायत में भी किसानों की पेमेंट ना मिलने के साथ गन्ना न लिए जाने का मामला उठाया जाएगा । किसानों का कहना है कि नारायणगढ़ शुगर मिल की पर्चियां पानीपत शुगर मिल के माध्यम से उन्हें थमाई गई है। उनका कहना है कि पानीपत शुगर मिल द्वारा उन्हें नारायणगढ़ शुगर मिल में गन्ना ले जाने की पर्ची भिजवाई थी। किसानों ने पानीपत शुगर मिल संपर्क साधा तो वहां से भी कोई ठोस जवाब नहीं मिला। गन्ने से लदी हुई ट्रालियां किसानों के खेतों व घरों के सामने खड़ी हुई है। किसानों में सरकार व शुगर मिलों के खिलाफ रोष व्याप्त है। इस मिल पर होने वाली भाकियू की पंचायत एवं एक दिवसीय धरने पर पानीपत जिले से करीब 500 किसान हिस्सा लेंगे। बांगड़ ने कहा कि शुगर मिलों द्वारा किसानों को गन्ने की पेमेंट ना दिए जाने पर नारायणगढ़ शुगर मिल में 17 मार्च को भाकियू ने किसानों की महापंचायत बुलाई है। उक्त महापंचायत में शुगर मिलों द्वारा पेमेंट न दिए जाने के अलावा गन्ना न लिए जाने का मामला भी उठाया जाएगा। महापंचायत को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत प्रदेशाध्यक्ष रतन मान संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि किसानों का शुगर मिलों की तरफ करोड़ों रुपये बकाया है।