14 साल के किशोर का नहर में मिला शव
पानीपत। नारायणा गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में 14 साल के किशोर का शव मिला है। किशोर शनिवार को अपने दोस्त के साथ नहर में नहाते वक्त डूब गया था। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 14 वर्षीय अजित सिंह पुत्र कृष्ण पाल मूल निवासी गांव सफोरा सहजानपुर, यूपी दो साल से अपनी चाची रानी के पास गांव बिंझौल में किराये पर रहता था। वो अपने दोस्त संतोष के साथ शुगर मिल के पास एक फैक्टरी में काम करता था। संतोष अजित को शनिवार को फैक्टरी से वेतन दिलाने के लिए घर से बुलाकर ले गया था। दोनों देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो चाची रानी ने संतोष के घर जाकर पूछताछ की। संतोष ने बताया कि वो नहर में नहा रहे थे नहाते वक्त अजित बह गया था। इसकी सूचना मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी थी। रविवार को उसका शव नारायणा गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में झाड़ियों में मिला। अजित चार भाईयों में तीसरे नंबर का था।