फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसपी ने जिस माह दिलाया सुरक्षा का भरोसा, उसी माह सबसे ज्यादा 69 वारदात

विज्ञापन
विज्ञापन
एसपी ने जिस माह दिलाया सुरक्षा का भरोसा, उसी माह सबसे ज्यादा 69 वारदात
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पुलिस अधीक्षक ने फेस्टिवल सीजन में लोगों के जान माल को ध्यान में रखते हुए थाना और चौकी प्रभारियों के पेंच कसे थे और पब्लिक को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था, मगर पुलिस की गंभीरता का यह आलम है कि, इसी अक्तूबर माह जिले में 69 वारदातें हो गईं। इस तरह हर रोज दो से अधिक वारदात शहर में हुईं, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने 35 वारदातों को हल करने का दावा किया है, लेकिन पुलिस के दावे कई वारदातों में अधूरे नजर आ रहे हैं।
अक्तूबर में त्योहार शुरू हुए थे और लोगों ने पहले नवरात्र से ही खरीदारी शुरू कर दी थी। इस दरम्यान पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने थाने और चौकी प्रभारियों की बैठक ली और उनको सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए। थाना, चौकी पुलिस ने शहर में अलर्ट रहने का दावा किया। इन सबके बीच शहर में एक के बाद एक हर रोज दो-दो वारदात होने लगीं।
विज्ञापन

वारदात संख्या ट्रेस
हत्या 2 2
लूट 13 11
झपटमारी 12 09
चोरी 32 13
कुल 69 35
नोट : आंकड़ा पुलिस विभाग के एक सूत्र से लिया गया है।
इन पांच वारदातों ने उठाए सवाल
थाना इसराना के अंतर्गत चमराड़ा गांव में 17 अक्तूबर को हरियाणवी गायिका एवं डांसर हर्षिता दहिया (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह चमराड़ा एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से अपने तीन साथियों के साथ वापस नरेला जा रहीं थीं। उसको पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10-12 गोली लगना सामने आया था। थाना इसराना पुलिस ने उसकी हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने इसके बाद उसके जीजा दिनेश कराला को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। दिनेश कराला ने हत्या कराने का आरोप कबूला था। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया है। इसके बाद एक आरोपी को दिल्ली की एक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। पुलिस इस वारदात को सुलझाने का दावा कर रही है, लेकिन एक भी हत्यारोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है।
आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
मतलौडा अनाज मंडी में 24 अक्तूबर को आढ़ती बलवान सिंह के मुनीम रविंद्र कुमार पर बदमाशों ने गोली चला दी थी और उससे एक लाख रुपये लूट ले गए थे। आढ़तियों व मुनीमों ने पानीपत-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा को खुद बीच में जाना पड़ा। उन्होंने आढ़तियों की मांग पर एसएचओ नरेंद्र दहिया को लाइन हाजिर कर दिया था। आरोपियों को 48 घंटे में पकड़कर लाने का दावा किया था, लेकिन इस मामले के आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
जहरखुरानी की छह वारदात हुईं
इस माह में जहरखुरानी की छह वारदातों ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। सात अक्तूबर को सब्जी मंडी के नजदीक से एक व्यक्ति की ई-रिक्शा लूट ली। 17 अक्तूबर को दीपक निवासी विजय नगर से जलालपुर मोड़ गंदा नाला के पास ई-रिक्शा लूट ली। 21 अक्तूबर को मलिक पेट्रोल पंप के पास से सुदेश निवासी हरिनगर की ई-रिक्शा लूट ली। 23 अक्तूबर को सब्जी मंडी के पास से बिजेंद्र निवासी जगजीवन राम कॉलोनी से ई-रिक्शा लूट ली। मिथुन निवासी डाबरा कॉलोनी से 24 अक्तूबर को जलालपुर मोड़, 25 अक्तूबर को जलालपुर मोड़ से अंकित निवासी वार्ड-7 कुटानी रोड से ई-रिक्शा लूट ली।
चाकू के बल पर कब्जे में लिया और नकदी जेवर ले गए
मिली जानकारी के अनुसार गोहाना रोड स्थित संजय कॉलोनी निवासी वेस्ट के उद्यमी सुरेश जैन के घर पर 16 अक्तूबर सोमवार दोपहर दो बदमाश घुस गए। बदमाशों ने पहले घर में अकेले मौजूद सुरेश जैन के लड़के दिनेश जैन की पत्नी रेनू को चाकू दिखाया। दोनों बदमाश उसको चाकू की नोक पर अंदर मकान में ले गए और अंदर पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों ने रेनू को उसकी साड़ी से उसका मुंह बांध दिया और नकदी व ज्वेलरी की जानकारी ली। बदमाशों ने इसके बाद रेनू को रसोई में बंद कर दिया और अलमारी व मकान के दूसरे हिस्सों की तलाशी शुरू कर दी। बदमाश अलमारी व अन्य जगह रखे करीब दो लाख नगद व करीब ढाई लाख की सोने व चांदी लूटकर फरार हो गए।
मॉर्निंग में भी घर से बाहर निकलना सुरक्षित नहीं
त्योहारी सीजन में झपटमार भी पूरी तरह से सक्रिय रहे। इस माह में झपटमारी की 12 वारदातों को अंजाम दिया। बाइकर्स गैंग के एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देकर महिलाओं को परेशानी में डाल दिया। कई बार तो एक दिन में दो-दो वारदातों को अंजाम दिया गया। सेक्टर-13/17 में तीन दिन पहले अपनी लड़की के साथ मॉर्निंग वाक करने आई एक महिला की सोने की चेन झपट ली।
विज्ञापन

पुलिस शहर समेत जिले में लगातार गश्त कर रही है और किसी तरह के आपराधिक व्यक्ति पर नजर रखती है। इस माह कई वारदात हुईं हैं। पुलिस ने इनमें से काफी वारदातों को सुलझा दिया है। बाकी वारदातों की जांच तेजी से चल रही है। पुलिस जल्द ही बाकी मामलों को भी सुलझा देगी।
देशराज, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर, पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें