भाई के लिए राखी खरीद रही महिला की तेजधार हथियार से हत्या
सात माह की गर्भवती भी चढ़ी दहेज की बली
-दोनों महिलाओं के शवों का सोमवार को करवाया जाएगा पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं की हत्या कर दी गई। एक महिला की तेजधार हथियार से तो दूसरी महिला दहेज की बली चढ़ गई। दोनों ही वारदातों का पता लगने के बाद पहुंची थाना चांदनी बाग पुलिस ने महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं में परिजनों की शिकायत पर हत्या व दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उझा गेट के पास भाई के लिए राखी खरीद रही महिला की उसके जीजा ने तेजधार हथियार से हत्या कर दी। महिला के बेटे ने विरोध स्वरूप आरोपी की जमकर धुनाई की और उसी हथियार से हमला कर आरोपी को घायल कर दिया। घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देख खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं एकता विहार कॉलोनी में दहेज के लालच में छह माह की गर्भवती की ससुराल पक्ष द्वारा इस कदर पिटाई की गई कि उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मृतका के पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले दो महिलाओं की मौत के बाद से मायके पक्ष के लोगों में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा।
केस-1
जीजा ने साली की चाकू घोंपकर की हत्या
नलवा कॉलोनी निवासी नीतू (42) रविवार दोपहर बाद ऊझा गेट के पास अपने दो भाइयों के लिए राखी खरीदने गई थी। उसे बाजार में ही उसका जीजा नलवा कॉलोनी निवासी रमेश मिला। रमेश बाजार में नीतू के साथ झगड़ा करने लगे। नीतू ने इसका विरोध किया तो रमेश ने नीतू पर चाकू से हमला कर दिया। रमेश ने नीतू के पेट में चाकू से कई वार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। नीतू का लड़का संजू व रमेश का लड़का कृष्ण भी यह देखते हुए मौक पर पहुंचे। उन्होंने रमेश को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना तो दोनों ने उसकी धुनाई कर डाली। यही नहीं गुस्साए संजू ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिससे रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। वहीं रमेश की गंभीर हालत देख मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया।
छह साल पहले हो चुकी है पति की मौत
बताया जा रहा है कि नीतू के पति की करीब छह साल पहले मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद नीतू घरों में काम कर अपने एक बेटे व एक बेटी का पालन-पोषण कर रही थी। वहीं नीतू की बहन की भी मौत हो चुकी है। जिसके बाद नीतू के जीजा रमेश का अकसर इनके यहां आना-जाना रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग भी चल रहा था। शनिवार को आपसी कहासुनी के चलते रमेश व नीतू के बीच झगड़ा हो गया था। रमेश ने नीतू के साथ मारपीट की और फरार हो गया था। रविवार को ऊझा गेट के पास नीतू को राखी खरीदते देख रमेश उसके पास पहुंचा और हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला।
केस-2
छह माह की गर्भवती एकता विहार कॉलोनी निवासी राखी (27) ने शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। राखी के पिता आजाद सिंह निवासी रतपुर कॉलोनी पिंजोर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी राखी की शादी 10 अक्तूबर 2010 को एकता विहार कॉलोनी निवासी मनीष के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे दहेज की मांग के चलते मारपीट करनी शुरू कर दी थी। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी, जिसमें आरोपी अपनी गलती मानकर दोबारा ऐसा न करने का आश्वासन देकर राखी को फिर से ससुराल ले जाता था। इसी बीच राखी ने एक लड़की को जन्म दिया। राखी अब फिर से करीब सात माह की गर्भवती थी। उसने कुछ दिन पहले फोन करके बताया था कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे एक एसी व दो लाख रुपये की नकदी की मांग कर रहे हैं। आजाद सिंह ने बताया कि शनिवार को मनीष का फोन आया। उसने बताया कि राखी की तबीयत खराब है। वे लोग जब अस्पताल पहुंचे तो राखी ने इशारे में ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट करने की बात बताई। वहीं रविवार दोपहर के समय राखी ने उपचार के दौरान शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के कारण राखी के पेट में पल रहे बच्चे की दो दिन पहले ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति मनीष, सास व ससुर कर्मबीर के खिलाफ धारा 304बी/34 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रक्षाबंधन पर बहन के पास जाने की थी तैयारी
राखी के भाई मनीष ने बताया कि वह दो भाई-बहन है। राखी उसकी बड़ी बहन थी। वह सात माह की गर्भवती थी। इसलिए इस बार रक्षा बंधन के त्योहार पर उसके ससुराल जाकर राखी बंधवाने का प्लान था। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई थी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि रक्षाबंधन से पहले जिस बहन के हाथों राखी बांधी जानी थी। उसी बहन को हमेशा के लिए खोना पड़ेगा।
वर्जन
ऊझा गेट के पास एक व्यक्ति ने राखी खरीद रही महिला पर चाकुओं से वार कर उसकी हत्या कर दी। दोनों रिश्ते मेें जीजा-साली थे। महिला के लड़के के बयान पर आरोपी रमेश के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एकता विहार कॉलोनी निवासी गर्भवती महिला ने निजी अस्पताल मेें उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला के मायके पक्ष के बयान पर उसके पति, सास व ससुर के खिलाफ धारा 304बी/34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदीप कुमार, प्रभारी, थाना चांदनी बाग, पानीपत।