युवक ने दवा के धोखे में खाया जहर, मौत
पानीपत। जाटल रोड स्थित शोंधापुर में एक युवक की दवा के धोखे में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मोहित पिछले कुछ दिनों से बीमार था। वह अपनी बीमारी का एक डॉक्टर से इलाज करा रहा था। मोहित ने सोमवार शाम दवा के धोखे में घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसको लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां पर मोहित ने सोमवार देर रात को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। असंध नहर चौकी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मंगलवार को परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।