फोटो स्टेट की दुकान में चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। चोर कोर्ट कांपलेक्स स्थित फोटोस्टेट की एक दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। फोटोस्टेट की दुकान में चोरी की सूचना पर पहुंची सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार कोर्ट कॉम्प्लेक्स स्थित राठी फोटो स्टेट को निशाना बनाते हुए चोरों ने हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। दुकान मालिक गांव राजलू गढ़ी, सोनीपत निवासी देवेंद्र राठी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शनिवार को दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह लड़का दुकान पर पहुंचा तो दुकान की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और सामान बिखरा हुआ मिला। दुकान में हुई चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। चोरी की सूचना पर सेक्टर-छह चौकी पुलिस व एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। दुकान मालिक देवेंद्र राठी ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखी करीब 19 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने दुकान मालिक के बयान दर्ज करते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जंाच शुरू कर दी।
गोशाला की दान पेटी तोड़ी
देवेंद्र राठी ने बताया कि चोरों ने दुकान में दाखिल होने के बाद सभी दराजों को खंगाला और जहां-जहां पैसे रखे हुए थे सभी जगह से निकाल लिए। दुकान मालिक ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखे गोशाला की दान पेटी को भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब डेढ़ सौ रुपये चोरी कर ले गए।
कोर्ट कांपलेक्स स्थित फोटो स्टेट की दुकान में खिड़की की ग्रिल तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलवान सिंह, एएसआई, जांच अधिकारी, पानीपत।