पानीपत/मतलौडा। थिराना गांव में घर से 100 मीटर दूर खेल रहे एक तीन वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार क्रेटा कार ने रौंद दिया। हादसा देख पास खड़ी महिलाओं में चीख पुकार मच गई। इस दौरान आरोपी कार चालक बच्चे को 50 मीटर तक घसीटते ले गया। महिलाओं का शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। किसी तरह बच्चे को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मतलौडा थाना पुलिस शनिवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में रामदेवी पत्नी राहुल ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तरप्रदेश के जिला हरदोई के गांव कालाआम की रहने वाली है। वे तीन माह पहले काम की तलाश में पानीपत आए थे। वर्तमान में मतलौडा कस्बे के थिराना गांव में किराए पर रहते हैं और कंबल फैक्टरी में काम करते हैं। उनका इकलौता बेटा तीन वर्षीय इसपी था। शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे बेटा घर से 100 मीटर दूर सड़क किनारे खेल रहा था। इसी बीच गांव थिराना की तरफ से तेज रफ्तार में क्रेटा कार आई और उसने खेल रहे बेटे को टक्कर मारते हुए उसे रौंद दिया और फरार हो गया। हादसे की सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे। बेटा खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था, जिसके बाद वे बेटे को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां पर बेटे को मृत घोषित कर दिया गया।
पास से गुजर रही चार महिलाएं हादसे को देख सहमी-
हादसे के वक्त पास से गुजर रही सुनीता, कमला व अन्य दो महिलाएं हादसे के वक्त सहम गईं। उन्होंने चीख पुकार मचाई तो शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी कार चालक फरार हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार कार चालक नाबालिग था। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक बच्चे की मां की शिकायत पर क्रेटा सवार अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, हादसा स्थल के आसपास की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली गई है, जल्द ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
- इंस्पेक्टर विजय कुमार, प्रभारी, मतलौडा थाना