पानीपत। मतलौडा थानाक्षेत्र के एक गांव की महिला का एक सिरफिरे आशिक ने घर से अपहरण करने का प्रयास किया। घर आने से पहले आरोपी ने फोन कर उसके पति व बच्चों को मारने की धमकी दी थी। रात को घर में घुसकर महिला को जबरदस्ती उठाकर ले जाने लगा। पड़ोसी मौके पर आ गए तो वह भागने लगा। गांव के लोगों ने पीछा कर घर से उसे पकड़ लिया। महिला की शिकायत पर मतलौडा थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है।
महिला ने बताया कि वह कैथल जिले के बानावास गांव निवासी गौतम को जानती है। उससे फोन पर कभी-कभी बात हो जाती थी। एक दिन गौतम ने फोन पर कहा कि मैं तुमसे प्यार करता हूं। यह सुनकर उसने फोन बंद कर दिया। इससे गौतम चिढ़ गया और उसके घर आकर उसे पिस्तौल दिखाते हुए धमकी दी कि तेरे पति व बच्चे को जान से मार दूंगा। मैं तुझे 15 दिन का समय देता हूं सोच लेना। गौतम का 15 सितंबर को फोन आया। उस समय उसका पति भी पास था। उसने फोन का स्पीकर चालू कर बात की तो गौतम कहने लगा कि क्या विचार है? मना किया तो धमकी देने लगा। उसने फोन अपने पति को दे दिया। गौतम ने उसके पति से कहा कि तुझे मार कर इसे उठा ले जाऊंगा। मेरे पास पिस्तौल है और उसका सारा पीतल तेरे अंदर उतार दूंगा। महिला के पति ने उसे समझाया और फोन रख दिया।
महिला ने बताया कि गौतम उसके बाद भी बार-बार फोन करता रहा, लेकिन मेरा पति मेरा फोन लेकर दुकान पर चला गया था। इस पर उसने उसने मेरी मां के पास फोन किया कि मैं तेरे जमाई और उसके बच्चे को मार कर तेरी लड़की को उठा लाऊंगा।
आरोपी गौतम रात करीब 10 बजे घर आया और महिला को खींचकर ले जाने लगा। सास छुड़ाने गई तो उसे लात मार कर गिरा दिया। उसने पति को फोन करना चाहा तो आरोपी ने फोन छीन लिया और मारपीट करने लगा। इसी बीच पति घर आ गया। उसे देखकर आरोपी भागने लगा। शोर सुनकर गली में लोग उसके पीछे लग लिए और उसे एक किलोमीटर दूर पकड़ लिया, लेकिन आरोपी फोन व पिस्टल कहीं फेंक चुका था। मतलौडा थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।