समालखा। पट्टीकल्याणा निवासी प्रापर्टी डीलर पिता को दो दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने शनिवार को फिर से अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना के पट्टीकल्याणा गांव में गत बुधवार को हुई दिल दहलाने वाली घटना जिसमें प्रापर्टी डीलर काम करने वाले अनिल कुमार ने अपनी 16 वर्षीय बेटी भावना पर ताबड़तोड़ छह गोली मारकर मौत के घाट उतार कर खुद थाने में जाकर समर्पण कर दिया था। इस पर पुलिस ने 28 दिसंबर को अदालत में पेश कर आरोपी को दो दिन का रिमांड हासिल किया था। शनिवार दोपहर 12 बजे समालखा की अदालत में पुलिस आरोपी को पेश करने पहुंची।
आरोपी पिता अनिल कुमार ने अपनी बेटी भावना को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया कि वह दसवीं के बाद आगे नहीं पढ़ना चाहती थी जबकि पिता इकलौती बेटी को खूब पढ़ाना चाहता था। इसी बात को लेकर अक्सर बाप बेटी में झगड़ा होता रहता था।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सतविंद्र सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंस व रिवाल्वर के साथ चलाई गोलियों के खोल समेत 90 गोली बरामद कर ली हैं। आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही करवाई गई। शनिवार को अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।