इसराना। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में शादी कर हिमाचल के पालमपुर घूमने गए जोड़े का लड़की के परिजनों ने होटल से अपहरण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की के परिजन दोनों का अपहरण करके लाए और उन्हें हड़ताड़ी के पास खेतों में बने कोठरे में बंद कर उसकी पत्नी को ले गए। उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सचिन निवासी छतेहरा बहादुरपुर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसने वीरवार को एक युवती के साथ दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में शादी की थी। शादी के बाद दोनों हिमाचल के पालमपुर घूमने गए। जहां पर वे एक होटल में रुके हुए थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे एक गाड़ी में सवार हो कर उसकी पत्नी के मामा नन्हा, चाचा सोनू के साथ होटल पर आए। इस दौरान उसे व उसकी पत्नी को जबरदस्ती गाड़ी में डाल कर ले आए। पत्नी को अपने साथ कहीं ले गए और उसे हड़ताड़ी के पास खेत में बने एक कोठे में बंद कर दिया। उसके साथ उन्होंने मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह कोठे से निकल पाया व पुलिस को सूचित किया। पति सचिन का आरोप है कि मीनू के परिजनों ने मारपीट के दौरान उससे शादी के कागजात के साथ अन्य कागजात व 45 हज़ार रुपए की नकदी छीन ली। पुलिस ने सचिन वासी छतेहरा बहादुरपुर की शिकायत पर नन्हा वासी सिवाह, सोनू, श्रीओम वासी गढ़ी बाला, राकेश व गौरव वासी कुंडली के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।