पानीपत। सेक्टर 12 के ग्रीन पार्क में अब नगर निगम योगा हॉल बनवाने जा रहा है। इसके लिए अलावा पार्क में शौचालय और ओपन मिल भी लगाई जाएगी। इसके साथ पानी की व्यवस्था के लिए पीवीसी पाइपलाइन तक बिछाने का प्लान बनाया गया है। इस काम पर निगम 33 लाख रुपये खर्च करेगा। जिससे सेक्टर 11-12, 24-25 और 29 के लोगों को लाभ मिलेगा।
मित्तल मॉल के सामने सेक्टर 12 स्थित ग्रीन पार्क के निर्माण पर निगम अब तक करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है। इस पार्क में सुबह शाम हजारों लोग सैर करने आते हैं। शहर के सबसे बड़े और चुनिंदा पार्कों में से एक ये पार्क अपनी साफ-सफाई के लिए जाना जाता है। इसका देखरेख आरडब्ल्यूए की ओर से किया जा रहा है। शहरी विधायक प्रमोद विज की मांग पर सरकार ने शहर के खस्ताहाल पार्कों के लिए 25 करोड़ की राशि मंजूर की है। ये राशि निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहरी और ग्रामीण एरिया विधानसभा के सभी पार्कों के जीर्णोद्धार पर खर्च होगी। जिसके बाद निगम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पार्षदों की डिमांड अनुसार पार्कों के काम करवाएंगे। फिलहाल पार्क में इन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए निगम ने इसका टेंडर लगाया है।
नगर निगम जेई अजय छौक्कर ने बताया कि पार्क में ईबीडी फ्लोरिंग, ओपन जिम, योगा हाल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए निगम की ओर से डीपीआर तैयार की गई है। ताकि पार्क में घूमने आने वाले आसपास के सेक्टरों के लोगों को इसका फायदा मिल सके।