पानीपत। बिजली निगम ने मंगलवार को डिफॉल्टरों पर एक्शन लेने का काम किया है, जिसमें उन्होंने दो दिन तक डिस्कनेक्शन अभियान चलाकर 753 डिफॉल्टरों का कनेक्शन काटने का काम किया है। यह वे उपभोक्ता हैं, जो पिछले काफी समय से बिल नहीं भर रहे थे। लगातार बिजली निगम द्वारा जागरूक करने के बाद भी एक बार भी बिल नहीं भरा गया। एसई धर्मबीर छिकारा ने बताया कि सरचार्ज वीवर स्कीम पिछले कई महीनों से चलाने के बाद भी इन उपभोक्ता ने बिल भरने की पहल नहीं की। ब्याज माफी से लेकर किश्तों में पैसा जमा करवाने की सुविधा करवाने के बाद भी इन उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किए। जिसके बाद टीम गठित की गई और सभी ब्लॉकों में कार्रवाई की गई।
1473 डिफॉल्टरों में से 690 उपभोक्ता ने बिजली बिल जमा यानी बिजली निगम ने इन उपभोक्ता से रिकवरी करवाने का काम कर लिया था। इससे इनका कनैक्शन नहीं काटा गया है। 690 उपभोक्ता ने कुल 11 करोड़ तीन लाख रुपये जमा करवाने का काम किया था। वहीं 753 उपभोक्ता का 39 करोड़ छह लाख रुपये बकाया है। वहीं एसई छिकारा ने बताया कि डिस्कनेक्शन अभियान बिजली निगम की ओर से पूरे महीने चलेगा। अभी भी डिफॉल्टर के पास बिल जमा करवाने का समय है। यदि डिस्कनेक्शन अभियान में भी बिल जमा नहीं करवाया तो किसी भी समय कनेक्शन काट दिया जाएगा। कोई उपभोक्ता बिजली चोरी करने की कोशिश करता है तो बिजली चोरी के खिलाफ उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी और एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।