समालखा। बिजली निगम ने समालखा से कांग्रेस पार्टी के विधायक धर्म सिंह छौक्कर के तीन बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। इन पर निगम का करीब 17 लाख रुपये के बिजली बिल बकाया था। बिजली निगम ने उनके आवास, कार्यालय और पेट्रोल पंप के कनेक्शन काटे हैं। करीब छह माह पहले भी ये कनेक्शन काटे गए थे। उस समय करीब 2.50 लाख रुपये जमा कराकर उन्होंने कनेक्शन चालू करवा लिए थे। इसके बाद फिर से बिल नहीं भरा और निगम द्वारा बार-बार सूचित करने के बावजूद बिल भरने की जहमत नहीं उठाई गई।
एसडीओ समालखा हिम्मत सिंह ने बताया कि विधायक धर्म सिंह छौक्कर पर पांच महीने का 17 लाख रुपये बिजली बिल बकाया है। विधायक के आवास, कार्यालय और पेट्रोल पंप की बिजली लाइनें काटी गई हैं। निगम की तरफ से बार-बार नोटिस देने पर भी बिल नहीं जमा किया गया। विधायक की तरफ से राशि जमा होते ही कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। वहीं विधायक का पेट्रोल पंप और आवास बंद हैं। आवास पर बस एक सहायक ही रहता है। विधायक धर्म सिंह छौक्कर द्वारा इसको लेकर किसी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।