पानीपत। बिजली चोरी और बकाया बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम सख्त हो चुका है। शनिवार को बिजली निगम की छह टीमों ने जिले भर में छापेमारी करते हुए 40 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। जिन पर 16.47 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। खास बात ये है कि बिजली निगम के अधिकारियों ने सभी उपभाेक्ताओं काे जुर्माना राशि भरने के लिए 48 घंटे की मोहलत दी है। अगर तय समय में जुर्माना राशि जमा नहीं कराई ताे पुलिस केस भी दर्ज कराया जाएगा। दूसरी ओर बकाया बिल की रिकवरी को लेकर बिजली निगम ने 232 उपभोक्ताओं के ऑनलाइन कनेक्शन काट दिए। इन पर करीब 93 लाख रुपये का बिल बकाया था।अब ये राशि भरने के बाद ही इनके कनेक्शन जोड़े जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मतलाैडा सब डिविजन में 16 बिजली चाेरी के केस पकड़ 6.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसराना सब डिविजन में 11 बिजली चाेरी पकड़ 4.63 लाख रुपये जुर्माना, सब अर्बन सब डिविजन में 13 बिजली चाेराें पर 5.74 लाख जुर्माना लगाया गया है। इन सभी उपभाेक्ताअाें ने बिजली चाेरी करने के लिए कहीं पर सरकारी केबल में कुंडी लगा रखी थी ताे किसी ने मुख्य सप्लाई वाली केबल काे काटकर उसमें घर की बिजली जाेड़ रखी थी।
जिन 232 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं उनमें सब अर्बन सब डिविजन में 97 कनेक्शन पर 38 लाख, इसराना सब डिविजन में 61 कनेक्शन पर 26 लाख और मतलाैडा सब डिविजन में 74 कनेक्शन पर 29 लाख रुपये के बिल बकाया थे। सब अर्बन डिविजन के एक्सईएन आदित्य कुंडू ने बताया कि बिजली चोरी और बकाया बिल वसूलने के खिलाफ उनका ये अभियान जारी रहेगा।