पानीपत। कोरोना काल में बीमार पत्नी का हेल्थ इंश्योंरेंस क्लेम न देने वाली स्टार हेल्थ कंपनी को उपभोक्ता आयोग ने 53 हजार रुपये नौ प्रतिशत वार्षिक दर से चुकाने के आदेश दिए है। वहीं आयोग ने कंपनी पर पांच हजार रुपये मानसिक प्रताड़ना देने का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा 5500 रुपये वकील खर्च के भी देने के आदेश दिए है।
मच्छरौली गांव निवासी सत्यवान ने बताया कि उसने 2021 में 15 हजार रुपये खर्च कर स्टार हेल्थ इंश्योंरेंस कंपनी से अपना व पत्नी कांता का बीमा कराया था। बीमा कंपनी के अनुसार वह पांच लाख रुपये तक का इलाज करा सकते थे। कोरोना काल के चलते उसकी पत्नी 25 अप्रैल 2021 को बीमार हो गई थी। जिसके चलते उसने पत्नी को सेक्टर 11-12 स्थित जीसी गुप्ता अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर 25 से 29 अप्रैल तक पत्नी भर्ती रही थी। इस बीच उन्होंने बीमा कंपनी से संपर्क किया था और इलाज में खर्च हुई राशि 83,783 रुपये का क्लेम की मांग की थी, लेकिन कंपनी ने क्लेम देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का दरवाजा खट-खटाया।
डेढ साल बाद पीड़ित को इंसाफ मिला है, आयोग के चेयरमैन आरके डोगरा ने कंपनी को 53,400 रुपये नौ प्रतिशत ब्याज दर के साथ 45 दिन में चुकाने के आदेश दिए है। वहीं आयोग ने कंपनी पर पांच हजार रुपये मानसिक प्रताड़ना देने का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा 5500 रुपये वकील खर्च के भी देने के आदेश दिए है।