पानीपत। सी-विजिल एप पर जिला की चुनाव प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों के समाधान का समय औसतन 60 मिनट आ रहा है जबकि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 100 मिनट निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के अंतर्गत अब तक सी-विजिल एप पर जिला में मंगलवार दोपहर तक 39 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें से 33 का समाधान 60 मिनट के अंतराल में ही किया गया और छह को ड्राप किया गया, ओवरऑल सभी शिकायतों का निपटान 95 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ कर दिया गया। शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित टीम एक्टिव मोड़़ में कार्य कर रही है।
डीसी डाॅ. वीरेद्र कुमार दहिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव के तहत जिला के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आचार संहिता की दृढ़ता से पालन सुनिश्चित की जा रही है। विधानसभा चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने तक जिला प्रशासन की ओर से राजनीतिक गतिविधियों पर हर पहलू से मॉनिटरिंग हो रही है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लागू की गई आदर्श चुनाव आचार संहिता की अवहेलना किसी भी रूप से न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. वीरेद्र दहिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार सी-विजिल एप (सिटीजन विजिल) के माध्यम से आने वाली शिकायतों का समाधान एफएसटी टीम द्वारा 100 मिनट के अंतराल में ही किया जा रहा है। साथ ही फील्ड में संबंधित टीम निरंतर आचार संहिता की पालना सुनिश्चित हो इसके लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की दृढ़ता व सख्ती से पालन करवाना करवाते हुए पारदर्शिता व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका अदा करें। जिला सचिवालय में सी विजिल एप मॉनिटरिंग रूम बनाया गया है जिस पर दिन रात टीम कार्य कर रही है। शहरी क्षेत्रों में शहरी निकाय व ग्रामीण क्षेत्रों में डिप्टी सीईओ जिला परिषद कंचनलता को नोडल बनाया गया, जो इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।