पानीपत। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेता सत्यवान शेरा एक बार फिर पैसों के लेन-देन के मामले में घिर गए हैं। उन पर अब सफीदों के रत्ता खेड़ा निवासी सतनाम सिंह ने 38 लाख रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। साथ ही इस संबंध में एसपी और सीएम विंडो पर शिकायत दी है। इससे पहले पुंडरी के विधायक रणधीर गोलन ने उन पर 40 लाख रुपये लेने के आरोप लगाए थे, जिसके बाद सत्यवान शेरा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
सफीदों के गांव रत्ता खेड़ा निवासी सतनाम सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि वह जींद एससी समाज का प्रधान है। जींद के गांव कारखाना में 2016 में कबीर जयंती के समारोह में सत्यवान शेरा को मुख्यातिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। इसके बाद सत्यवान शेरा को एचएसएससी का सदस्य नियुक्त किया गया। इस दौरान उसने किसी की भी नौकरी लगाने का भरोसा दिया। वह उनकी बातों में आ गया और अपने सगे संबंधी व रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने के लिए सत्यवान शेरा को भालसी गांव में 38 लाख रुपये दिए, लेकिन जब किसी की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। इस पर उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया। उसने आरोप लगाया कि उसके साथ अपने घर पर मारपीट की और सिर पर पिस्तौल लगा दी। उनको जान से मारकर शव ठिकाने लगाने की धमकी दी। उसने उनको मोबाइल में सारे सबूत होने की बात कही तो अपने एक साथी की मदद से फोन छीन लिया और सब कुछ डिलीट कर दिया। आरोप है कि सत्यवान शेरा ने उसको धमकी दी है कि वह खुद ही मुख्यमंत्री है और वह उसका भी पहले एक व्यक्ति जैसा हाल करेगा। शिकायत के आधार पर थाना मतलौडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
निर्दलीय विधायक के आरोपों के बाद छोड़ा था पद
पुंडरी के निर्दलीय विधायक रणधीर गोलन ने पिछले दिनों सत्यवान शेरा पर नौकरी लगवाने के नाम पर 49 लाख रुपये लेने की शिकायत दी थी। यह मामला उस समय काफी सुर्खियों में रहा था। सत्यवान शेरा ने उस समय अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
पार्टी के ही दो लोग पीछे पड़े हैं, मुझे जान का है खतरा : सत्यवान
भाजपा नेता सत्यवान शेरा ने बताया कि उन पर लगाए आरोप निराधार हैं। उसने कहा कि आरोप लगाने वाले सतनाम सिंह पैसों के लेन-देन के सबूत दिखाएं। कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए मेरे पीछे पड़े हुए हैं। पार्टी के ही दो बड़े नेता इसमें शामिल हैं। एक अपने बेटे और दूसरा अपने पीए का वादा पूरा करने के लिए उनको फंसा रहे हैं। वे मेरी जान भी ले सकते हैं। मुझे कुछ होता है तो मेरी पत्नी और बेटी मेरी लड़ाई लड़ेगी। ऐसे लोगों की मनमानी नहीं चलने देंगे। वे इसराना हलके के लोगों की लगातार आवाज उठाएंगे।